अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
नंबर प्लेट हटाकर छिपाई थी चोरी की स्कूटी, ‘सशक्त ऐप’ की मदद से पुलिस ने की पहचान; एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की गई करीब 70 हजार रुपये कीमत की एक्टिवा को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए स्कूटी की नंबर प्लेट निकालकर अलग कर दी थी और वाहन को इमलीभाठा क्षेत्र में छिपाकर रखा था।
पुलिस की कार्रवाई में मुखबिर की सूचना के साथ ‘सशक्त ऐप’ की तकनीकी मदद भी अहम रही, जिसके जरिए बिना नंबर प्लेट के वाहन की चेसिस और इंजन संबंधी जानकारी का मिलान कर चोरी की स्कूटी की पहचान की गई।
10 दिन के दौरान सूने मकान में हुई चोरी
पुलिस के अनुसार जोरापारा चौबे कॉलोनी (अटल आवास) निवासी प्रीति यादव कुछ दिनों बाद अपने घर लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के बरामदे में खड़ी नीले रंग की एक्टिवा भी गायब थी।
चोरी गई एक्टिवा का नंबर CG 10 BW 9754 बताया गया है। घटना 28 अगस्त की रात से 7 सितंबर की सुबह के बीच हुई। इसके बाद पीड़िता ने सरकंडा थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने शुरू की जांच
मामला दर्ज होने के बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
बिना नंबर प्लेट स्कूटी बेचने की फिराक में था युवक
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इमलीभाठा क्षेत्र का 19 वर्षीय कान्हा पटेल बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में कान्हा ने बताया कि स्कूटी उसे उसके साथी सुमित ठाकुर से मिली थी। पुलिस से पहचान छिपाने के लिए वाहन की नंबर प्लेट निकालकर फेंक दी गई थी। इसके बाद स्कूटी को इमलीभाठा बॉम्बे आवास के नीचे छिपाकर रखा गया था।
‘सशक्त ऐप’ से हुई चोरी के वाहन की पुष्टि
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बिना नंबर प्लेट के वाहन की जांच की। ‘सशक्त ऐप’ के माध्यम से स्कूटी के चेसिस और इंजन संबंधी विवरण का मिलान किया गया। जांच में वाहन चोरी की उसी एक्टिवा का होना सामने आया, जिसकी रिपोर्ट सरकंडा थाने में दर्ज थी।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कान्हा पटेल (19 वर्ष), पिता रामू पटेल, निवासी इमलीभाठा बंधवापारा जोगी आवास, सरकंडा के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में कथित सह-आरोपी सुमित ठाकुर की तलाश जारी है।




