संजय मार्केट के पास खड़ी एक्टिवा चोरी होने के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट, पुलिस ने तुरंत दर्ज किया मामला
रायगढ़, 9 मार्च 2026। शहर के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र संजय कॉम्प्लेक्स के पास हुई स्कूटी चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया है। इनमें एक 19 वर्षीय युवक और एक विधि से संघर्षरत नाबालिग शामिल है। पुलिस ने चोरी की एक्टिवा बरामद कर आरोपी युवक को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
पुराना शनिदेव मंदिर के पीछे पार्क की गई स्कूटी शाम तक गायब, पीड़ित की शिकायत पर दर्ज हुआ अपराध
जानकारी के अनुसार, बैकुण्ठपुर रायगढ़ निवासी मुकेश अग्रवाल (47 वर्ष) ने 6 मार्च 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके भाई मनोज कुमार अग्रवाल के नाम से पंजीकृत होंडा एक्टिवा (CG 13 Y 8208) को 5 मार्च की दोपहर पुराना शनिदेव मंदिर के पीछे स्थित सुलभ शौचालय के पास लॉक कर खड़ा किया गया था।
इसके बाद वे संजय कॉम्प्लेक्स स्थित अपनी अंजली गारमेंट कपड़े की दुकान पर चले गए। रात करीब 9:15 बजे दुकान बंद कर लौटे तो वहां खड़ी स्कूटी गायब मिली। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद वाहन का पता नहीं चला, जिसके बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
सशक्त ऐप की मदद से खुला चोरी का राज, चक्रधरनगर पेट्रोलिंग टीम ने पकड़े संदिग्ध
मामले की जांच के दौरान 7 मार्च की दोपहर थाना चक्रधरनगर की पेट्रोलिंग टीम को दो संदिग्ध युवक एक सफेद रंग की स्कूटी के साथ दिखाई दिए। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो दोनों स्कूटी को बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की बात कहने लगे।
संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की जानकारी “सशक्त ऐप” में चेक की, जिसमें पता चला कि उक्त स्कूटी के संबंध में थाना कोतवाली में चोरी का अपराध दर्ज है। इसके बाद तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।
पूछताछ में दोनों ने कबूला अपराध, चोरी की एक्टिवा बरामद
कोतवाली पुलिस द्वारा संदिग्ध मनोज भारती और उसके साथ मौजूद नाबालिग से कड़ी पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने मिलकर स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
नाबालिग के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी की एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13 Y 8208, जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद कर ली।
एक आरोपी जेल भेजा गया, नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष किया गया पेश
पुलिस ने इस मामले में मनोज भारती (19 वर्ष) पिता रामलाल भारती निवासी प्रेमनगर, थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद किशोर न्याय बोर्ड न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
