पिस्टलनुमा एयरगन से युवक पर फायरिंग करने वाला आरोपी ग्वालियर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

मामूली विवाद के बाद फरार हुआ था आरोपी, रायगढ़ पुलिस की साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों से लगाया सुराग

रायगढ़। मामूली विवाद के दौरान युवक पर पिस्टलनुमा एयरगन से फायरिंग कर फरार हुए आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने ग्वालियर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। थाना कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पीछा करते हुए ग्वालियर तक पहुंचकर कार्रवाई की। आरोपी की गिरफ्तारी में जीआरपी ग्वालियर का भी सहयोग मिला।

सड़क पर पानी के छींटे पड़ने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 की रात कोतरारोड क्षेत्र में सड़क पर पानी के छींटे पड़ने की मामूली बात को लेकर खुशहाल अग्रवाल और हरसवरन सिंह घोतड़ा के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर हरसवरन ने पिस्टलनुमा हथियार से खुशहाल के सिर को निशाना बनाकर दो बार फायर किया।

बताया गया कि फायरिंग के दौरान खुशहाल नीचे बैठ गया, जिससे वह गोली की चपेट में आने से बच गया। घटना के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

घटनास्थल से हथियार और मोटरसाइकिल बरामद

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटनास्थल के पास से पिस्टलनुमा हथियार बरामद किया गया। वहीं आरोपी की मोटरसाइकिल भी पुलिस के हाथ लगी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।

मोटरसाइकिल और गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान हरसवरन सिंह घोतड़ा, निवासी जालंधर, पंजाब, वर्तमान निवासी ग्राम तेंदूडिपा, कलमी, रायगढ़ के रूप में हुई।

आरोपी को भगाने में साले ने की थी मदद

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के बाद आरोपी को रायगढ़ से बाहर भागने में उसके साले बुधराम चौहान उर्फ छोटू ने मदद की थी। पुलिस के मुताबिक बुधराम ने मोबाइल पर हरसवरन से बातचीत की और अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AT 6257 से उसे भूपदेवपुर रेलवे स्टेशन तक छोड़ा था।

अपराध में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस ने बुधराम चौहान उर्फ छोटू, पिता स्वर्गीय हरिलाल चौहान, उम्र 30 वर्ष, निवासी रेलवे बांग्लापारा वार्ड नंबर 39, रायगढ़ को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त कर उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

बुधराम से पूछताछ के बाद ग्वालियर तक पहुंची पुलिस

सहआरोपी बुधराम से पूछताछ में फरार आरोपी हरसवरन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को मिली। इसके बाद साइबर टीम ने तकनीकी माध्यमों से आरोपी की गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटानी शुरू की।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर साइबर थाना और कोतवाली की टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ग्वालियर पहुंची और जीआरपी ग्वालियर की मदद से रेलवे स्टेशन के पास आरोपी को पकड़ लिया।

ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर दबोचा गया आरोपी

पुलिस ने हरसवरन सिंह घोतड़ा, पिता सुरेन्द्र मोहन सिंह, उम्र 44 वर्ष, निवासी हाउस नंबर 23-ए, ईशरपुरी कॉलोनी, जालंधर, पंजाब को गिरफ्तार किया।

रायगढ़ लाकर पूछताछ करने पर आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल एयरगन उसने ऑनलाइन खरीदी थी। चूंकि प्रकरण प्रारंभ में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध दर्ज था, इसलिए पुलिस ने प्रार्थी से आरोपी की पहचान की कार्रवाई भी कराई।

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर बुधराम से बातचीत में इस्तेमाल किया गया वीवो कंपनी का टचस्क्रीन मोबाइल भी जब्त किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन तथा साइबर डीएसपी शिखर मरावी के पर्यवेक्षण में की गई।

Advertisement
Share This Article