रिपोर्ट दर्ज कराने से नाराज आरोपियों ने युवक पर किया हमला, फरार आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस फरार आरोपियों की धरपकड़ में लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

रिपोर्ट दर्ज कराने पर फिर किया हमला

पुलिस के अनुसार, मायापुर निवासी 25 वर्षीय युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 मई 2026 को राहुल सिंह और विवेक उपाध्याय उर्फ गोलू पंडित ने उसका रास्ता रोककर मारपीट की थी। अगले दिन थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद जब युवक घर लौट रहा था, तब चांदनी चौक के पास दोनों आरोपियों ने उसे दोबारा घेर लिया।

बेल्ट, रॉड और मुक्कों से की मारपीट

आरोप है कि दोनों ने युवक के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बेल्ट, रॉड तथा हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की। हमले के दौरान राहुल सिंह ने युवक के बाएं हाथ पर दांत से काट लिया, जिससे उसके शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।

फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा

प्रार्थी की शिकायत पर थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले में आरोपी राहुल सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका था, जबकि दूसरा आरोपी विवेक उपाध्याय उर्फ गोलू पंडित फरार था। लगातार तलाश के बाद कोतवाली पुलिस ने उसे पकड़कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया।

कोतवाली पुलिस की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना कोतवाली पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण रही। सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Advertisement
Share This Article