नशीले कैप्सूल और गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, 240 नशीले कैप्सूल और 80 ग्राम गांजा बरामद; लेन-देन की भी होगी जांच

बिलासपुर। जिले में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने मेडिकल कॉम्प्लेक्स के पास कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को कथित तौर पर नशीले पदार्थों की बिक्री के लिए ले जाते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 240 नशीले कैप्सूल और 80 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेडिकल कॉम्प्लेक्स के पास एक व्यक्ति नशीले पदार्थों की खेप लेकर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पप्पू खटीक (35 वर्ष) बताया। वह टिकरापारा क्षेत्र में डीपी कॉलेज के पीछे रहने वाला बताया गया है।

तलाशी में कैप्सूल और गांजा बरामद

पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 240 नग प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल (ACETAMINOPHEN PROXYCO) तथा 80 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 533/26 दर्ज करते हुए NDPS एक्ट की धाराओं 20(A), 21(B) और 22(B) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।

नेटवर्क और आर्थिक लेन-देन की होगी जांच

पुलिस के अनुसार मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही आरोपी की संपत्तियों और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Share This Article