बोईरदादर चौक से चुराई गई स्कूटी के मामले में चक्रधरनगर–कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, कुछ ही घंटों में खुलासा
रायगढ़, 19 मार्च। होली के दिन बोईरदादर चौक क्षेत्र से हुई स्कूटी चोरी के मामले में चक्रधरनगर और कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को उस समय पकड़ा गया जब वह चोरी की स्कूटी को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था।

चाबी लगी स्कूटी को बनाया निशाना, प्रार्थी की शिकायत पर मामला दर्ज
प्रार्थी दीपक निषाद (48 वर्ष) निवासी बाजीरावपारा जूटमिल ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 04 मार्च 2026 को वह अपने दोस्त को गोपालपुर छोड़कर लौट रहे थे। बोईरदादर चौक के पास उन्होंने अपनी स्कूटी क्रमांक CG 13 AD 6405 सड़क किनारे चाबी लगी स्थिति में खड़ी कर दी और नीचे उतरे, इसी दौरान अज्ञात चोर स्कूटी लेकर फरार हो गया।
प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 85/2026 धारा 303(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम की घेराबंदी, आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार
19 मार्च 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चक्रधरनगर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गोवर्धनपुर शराब दुकान के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को स्कूटी के साथ पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भूपेन्द्र शर्मा (55 वर्ष) निवासी ग्राम खम्हार, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ बताया। प्रारंभ में उसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने होली के दिन बोईरदादर चौक से स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी चोरी की स्कूटी को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था।
चोरी की स्कूटी बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी की स्कूटी क्रमांक CG 13 AD 6405 बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना चक्रधरनगर के प्रधान आरक्षक श्याम देव साहू सहित चक्रधरनगर और कोतवाली थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि
“चोरी जैसे अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध पुलिस की सतत और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

