रायगढ़, 21 मार्च 2026। महिला थाना रायगढ़ में दर्ज शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 20 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2021 में उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से रामभाठा निवासी प्रतीक सिदार से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत के दौरान दोस्ती बढ़ी और आरोपी ने शादी का आश्वासन देकर उसके साथ संबंध बनाए। पीड़िता के अनुसार, 4 मार्च 2024 से जनवरी 2026 के बीच आरोपी ने विभिन्न स्थानों पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब पीड़िता ने विवाह की बात कही, तो आरोपी मुकर गया।
शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पीड़िता का बयान दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी प्रतीक सिदार (26 वर्ष), निवासी रामभाठा, ज्वाहर नगर, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायगढ़ को उसके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने विधिवत कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और उप पुलिस अधीक्षक उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त सहित पुलिस टीम की इस मामले में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और हर शिकायत पर त्वरित व कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, महिला थाना की त्वरित कार्रवाई
Advertisement
आज का ई-पेपर 📄

