दुकान का ताला तोड़कर नकदी और राशन चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सिरगिट्टी पुलिस ने 24 घंटे में भेजा जेल

Advertisement

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में दुकान का ताला तोड़कर नकदी और राशन चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और नकदी बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

शटर का ताला तोड़कर की चोरी

पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने 26 अगस्त को सिरगिट्टी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 22 अगस्त की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। 24 अगस्त की सुबह दुकान पहुंचने पर शटर का ताला टूटा हुआ मिला।

दुकान के अंदर जांच करने पर गल्ले में रखी नकदी और करीब 3,500 रुपये मूल्य का राशन गायब मिला। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एएसपी (शहर), सीएसपी (सिविल लाइन) तथा सिरगिट्टी थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। संदेह के आधार पर राहुल महतो को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने दुकान में चोरी करना स्वीकार किया।

चोरी का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और नकदी बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • नाम: राहुल महतो
  • उम्र: 26 वर्ष
  • पिता: दिनेश महतो
  • पता: भवानी नगर, शिव मंदिर के पास, सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर, छत्तीसगढ़

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दुकान में हुई चोरी का मामला रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया गया।

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Share This Article