रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
दिनांक: 19 अगस्त 2026
प्रार्थीया की शिकायत पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। शादी का झांसा देकर महिला का कथित रूप से शारीरिक शोषण करने और बाद में मारपीट करने के मामले में सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
2020 में स्कूल में हुई थी दोनों की पहचान
पुलिस के अनुसार, पीड़िता और आरोपी वर्ष 2020 में स्वामी आत्मानंद स्कूल, तारबाहर में एक साथ कार्यरत थे। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय हुआ। आरोप है कि आरोपी ने स्वयं का तलाक का मामला चलने की बात कहते हुए पीड़िता से शादी करने का वादा किया।
शादी का वादा कर बनाए शारीरिक संबंध
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने 15 अगस्त 2024 को पीड़िता से शादी का वादा किया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी कथित तौर पर शादी से मुकर गया। पीड़िता द्वारा इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।
16 और 17 अगस्त को मारपीट का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 16 और 17 अगस्त 2026 को आरोपी ने उसके साथ गंभीर रूप से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। शिकायत मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना सरकंडा पुलिस ने आरोपी महेन्द्र बानी (36 वर्ष) को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
आरोपी का विवरण:
महेन्द्र बानी, पिता लक्ष्मी प्रसाद बानी, निवासी ग्राम रिस्दा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर। वर्तमान पता ग्राम केरा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अपराध घटित करना पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
सरकंडा थाना में अपराध क्रमांक 1176/2026 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 69, 296 और 115(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा श्री तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई।




