रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब धीरे-धीरे वापसी की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए मौसम परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। गुरुवार को प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा और कहीं भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई।
मौसम में बदलाव के साथ अब प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का तापमान बढ़ने लगा है। वहीं उत्तरी इलाकों में रात के समय तापमान अपेक्षाकृत कम बना हुआ है।
रायपुर में बढ़ा दिन और रात का तापमान
राजधानी रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। इस दौरान दिन का तापमान करीब 34 डिग्री और रात का तापमान 25 डिग्री के आसपास रह सकता है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रारोड सबसे ठंडा
गुरुवार को प्रदेश में तापमान में क्षेत्रवार अंतर देखने को मिला। राजनांदगांव में 34.5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
वहीं पेंड्रारोड में 18.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ और यह प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा।
अन्य प्रमुख शहरों में अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 19.4 डिग्री, बिलासपुर का अधिकतम 32.8 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री रहा। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
छत्तीसगढ़ तक पहुंची मानसून वापसी की प्रक्रिया
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा अब 32.5 डिग्री उत्तर अक्षांश से 23 डिग्री उत्तर अक्षांश तक पहुंच चुकी है। यह रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया जैसे क्षेत्रों से होकर गुजर रही है।
विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे के दौरान गुजरात, मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के साथ छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं।
अगले दो दिन बारिश के आसार कम
मानसून की वापसी के साथ प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। इसके साथ ही कई इलाकों में दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
राजधानी में साफ रहेगा आसमान
रायपुर में शुक्रवार को मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। दिन के समय तापमान बढ़ने से गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि रात का तापमान करीब 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। मानसून की वापसी के साथ राजधानी समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम के मिजाज में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलेगा।
