रायगढ़। शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय में यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (UTD) कैंपस की स्थापना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) रायगढ़ इकाई ने कुलपति विनय चौहान को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विश्वविद्यालय को बने लगभग छह वर्ष हो चुके हैं, जिसमें रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती और जांजगीर-चांपा जिलों के सैकड़ों कॉलेज संबद्ध हैं। इसके बावजूद अब तक UTD कैंपस की स्थापना नहीं हो सकी है, जिससे हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और शोध के सीमित अवसरों का सामना करना पड़ रहा है।
ABVP ने कहा कि PG, रिसर्च और पीएचडी स्तर की पढ़ाई के लिए छात्रों को अन्य शहरों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय, धन और अवसरों की हानि हो रही है।
इस पर कुलपति विनय चौहान ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस दिशा में गंभीर है और UTD कैंपस की स्थापना के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रक्रियाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
नगर मंत्री रुचि मिश्रा ने कहा कि विश्वविद्यालय की पहचान केवल परीक्षा संचालन से नहीं, बल्कि शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के केंद्र के रूप में होती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं होती है तो छात्रहित में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और ABVP कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ज्ञापन की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री और वित्त मंत्री को भी भेजी गई है।




