महीनों से फरार AAP विधायक हरमीत सिंह गिरफ्तार, रेप-धोखाधड़ी और धमकी का आरोप

By
Advertisement
Advertisement

चंडीगढ़: सनौर से आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को पटियाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वह पिछले सात महीनों से रेप, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के आरोपों में फरार चल रहे थे. आज उन्हें पटियाला की एक अदालत में पेश किया जाएगा.

विधायक पठानमाजरा गिरफ्तार

हरमीत सिंह पठानमाजरा को पटियाला पुलिस ने बलात्कार के एक मामले में गिरफ्तार किया है. उनके खिलाफ बलात्कार, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के आरोपों में एक एफआईआर दर्ज की गई थी. वह 2 सितंबर से फरार चल रहे थे और अदालत ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया था, जिसके बाद उनके खिलाफ एक लुकआउट नोटिस जारी किया गया था.

शुरुआती जानकारी के अनुसार हरमीत सिंह पठानमाजरा को पंजाब पुलिस ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित शिवपुरी से गिरफ्तार किया है. इसके बाद उन्हें गिरफ्तार करके पटियाला लाया गया है. बताया जा रहा है कि पठानमाजरा को गिरफ्तार करने के लिए पांच से छह टीम लगी हुई थी.

आज कोर्ट में पेश किया जाएगा

पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने कहा, ‘आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और उनके तीन साथियों को पुलिस ने एक अंतर-राज्यीय अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया. सभी आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहाँ पुलिस उनकी रिमांड माँगेगी. आरोपियों के खिलाफ पहले ही एक मामला दर्ज था और उन्हें भगोड़ा अपराधी (PO) घोषित किया गया था. पुलिस की टीमें लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी.

पठान माजरा के तीन साथी गिरफ्तार

उन्होंने बताया कि पटियाला पुलिस की टीम एक लंबा ऑपरेशन चलाया और आखिरकार मध्य प्रदेश के शिवपुरी-ग्वालियर इलाके के पास पठान माजरा और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की. गिरफ्तारी के समय आरोपी एक स्कॉर्पियो कार में सफर कर रहे थे. पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है और पटियाला ले आई है. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जाँच की जाएगी. कानून के अनुसार आगे की पुलिस कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अब अदालत से रिमांड लेने और मामले की गहन जाँच करने की तैयारी कर रही है.

Advertisement
Share This Article