रायगढ़। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी, रायगढ़ में शनिवार को चांदमारी परिसर अंतर्गत संचालित शासकीय रविशंकर प्राथमिक शाला, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। प्रभारी प्राचार्य भरत लाल नामदेव की अध्यक्षता में भारत माता के जयघोष के साथ बैठक प्रारंभ हुई। बैठक का उद्देश्य शासन की मंशानुरूप शैक्षिक गुणवत्ता, विद्यालय विकास, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना था।

शैक्षणिक गतिविधियों एवं विभागीय निर्देशों की हुई समीक्षा
बैठक में प्रभारी प्राचार्य भरत लाल नामदेव ने पिछली बैठक के निर्णयों के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए सीजीवीएस (CGVS) एप से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए समग्र शिक्षा के नोडल अधिकारी एवं बीआरसी कार्यालय से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद शासकीय रविशंकर प्राथमिक शाला की प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी ने एफएलएन (FLN) के प्रभावी क्रियान्वयन, माहवार एवं कक्षावार पाठ्यक्रम पूर्ण करने, नवाचार आधारित शिक्षण, कक्षा 5वीं एवं 8वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के प्रवेश, यू-डाइस (UDISE) प्रोग्रेशन, शासन के निर्देशों के पालन, विद्यार्थियों के आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने, पोर्टफोलियो तैयार करने सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक बिंदुओं पर शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रभावी शिक्षण एवं विद्यालय विकास पर दिया गया जोर

बैठक में सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं की नवप्रवेशी छात्राओं को साइकिल वितरण की तैयारी, विद्यालय एवं संकुल स्तर की कार्ययोजना, नियमित साप्ताहिक एवं मासिक मूल्यांकन, गतिविधि आधारित शिक्षण, सहायक शिक्षण सामग्री के उपयोग, पुस्तकालय संचालन, समूह आधारित अधिगम, विद्यार्थियों के कौशल विकास तथा त्रैमासिक पत्रिका के प्रकाशन सहित अन्य शैक्षणिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों से सुझाव भी प्राप्त किए गए।

बैठक के अंत में प्रभारी प्राचार्य भरत लाल नामदेव ने सभी बिंदुओं का समेकित उल्लेख करते हुए शिक्षकों से विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने का आह्वान किया। इसके बाद बैठक समाप्ति की घोषणा की गई।





