06 जून को जिलेभर में लगेगा मेगा कृषि ऋण आउटरीच कैंप, किसानों को मिलेगा विभिन्न योजनाओं का लाभ

Advertisement

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सभी 10 शाखाओं में एक साथ होगा आयोजन

सूरजपुर जिले में किसानों, महिला समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 06 जून को मेगा कृषि ऋण आउटरीच कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर Central Bank of India की जिले में संचालित सभी 10 शाखाओं में एक साथ आयोजित होगा।

कृषि और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के लिए मिलेंगे ऋण

अग्रणी जिला प्रबंधक संदीप कुमार ने बताया कि शिविर के माध्यम से कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों के लिए विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। कैंप में फसल ऋण, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) ऋण, डेयरी व्यवसाय, गौवंश विकास, पशुपालन, मत्स्य पालन, मुर्गी पालन, ग्रामीण भंडारण तथा खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों से संबंधित ऋणों की स्वीकृति एवं वितरण किया जाएगा।

किसानों और महिला समूहों से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील

बैंक प्रबंधन ने जिले के किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, पशुपालकों, मत्स्य पालकों और ग्रामीण उद्यमियों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बैंक की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

अग्रणी जिला प्रबंधक संदीप कुमार ने कहा कि यह अभियान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, कृषि आधारित रोजगार को बढ़ावा देने और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Share This Article