6 दवा दुकानों में पहुंची खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम, स्टॉक एवं क्रय-विक्रय अभिलेखों की हुई जांच

Advertisement
Advertisement

रायगढ़, नशीली एवं नकली दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा रायगढ़ शहर में राज्यव्यापी विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशों के परिपालन में यह अभियान के दौरान दवा कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में औषधियों की गुणवत्ता, वैध क्रय-विक्रय, स्टॉक तथा संबंधित अभिलेखों की नियमानुसार जांच की जा रही है।

अभियान के तहत विशेष रूप से सीएण्डएफ एजेंट, सुपर स्टॉकिस्ट, थोक औषधि विक्रेताओं तथा अन्य संदिग्ध प्रतिष्ठानों का चिन्हांकन कर उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीमों द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बाजार में प्रतिबंधित, नशीली, नकली अथवा नियमों के विपरीत तरीके से खरीदी-बिक्री की जा रही औषधियों का किसी भी स्थिति में वितरण न हो।

मेडिकल स्टोर्स की हुई जांच

निर्धारित अभियान के तहत 19 अगस्त को रायगढ़ शहर स्थित भोले मेडिकल स्टोर एवं सुमित मेडिकल स्टोर की जांच की गई। वहीं 20 अगस्त को गुड हेल्थ मेडिकोज, श्री ओम मेडिकोज, आदित्य केमिस्ट तथा रजा मेडिकल स्टोर में निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई की गई। इन प्रतिष्ठानों में औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेज, उपलब्ध स्टॉक तथा आवश्यक अभिलेखों का परीक्षण किया गया।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा अभियान के दौरान दवा दुकानों में रखी औषधियों के स्रोत, खरीद संबंधी बिल, बिक्री अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि औषधियों का भंडारण और विक्रय निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप किया जा रहा है या नहीं।

अनियमितता मिलने पर होगी नियमानुसार कार्रवाई

जांच के दौरान यदि किसी प्रतिष्ठान में औषधियों के क्रय-विक्रय, स्टॉक या अभिलेखों में अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रथम चरण में अनियमितता पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद प्राप्त जवाब एवं जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Advertisement
Share This Article