सूरजपुर । जिले में नशे के खिलाफ चलाया जा रहा “नवजीवन अभियान” अब निर्णायक परिणाम देने लगा है। पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर के नेतृत्व में सूरजपुर पुलिस ने बीते दो वर्षों में लगातार सघन एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशे के अवैध कारोबार पर कड़ा प्रहार किया है। अभियान के तहत बड़े तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और नशे की आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने की दिशा में ठोस कार्य किया जा रहा है।
वर्ष 2025-26 में पुलिस द्वारा 39 प्रकरणों में 48 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान भारी मात्रा में गांजा, इंजेक्शन, कफ सिरप एवं अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये है। पुलिस द्वारा प्रकरणों की गहराई से जांच कर नशे के पूरे नेटवर्क को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
नशे के विरुद्ध जनजागरूकता के उद्देश्य से चलाए गए अभियान के तहत जिले के लगभग 9 हजार लोगों को नशा न करने की शपथ दिलाई गई। इससे यह अभियान जनभागीदारी का रूप लेता जा रहा है और युवाओं में सकारात्मक संदेश पहुंच रहा है।
आदतन नशा कारोबार करने वाले अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 8 प्रकरण निवारक निरोध हेतु प्रस्तुत किए गए हैं, जिनमें से 2 मामलों में अंतिम आदेश पारित कर आरोपियों को निरोध में लिया गया है।
नशे से अर्जित अवैध संपत्ति पर भी कार्रवाई की जा रही है। एक प्रकरण में आरोपी की संपत्ति जब्ती की कार्यवाही न्यायालय के माध्यम से प्रक्रियाधीन है। इसके अलावा एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त 4 वाहनों को राजसात कर शासन के खाते में जमा कराया गया है तथा अन्य वाहनों पर कार्रवाई जारी है।
दिनांक 18 फरवरी 2026 को 20 प्रकरणों में जब्त नशीले पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया, जिसमें गांजा, इंजेक्शन, कैप्सूल एवं गांजा के पौधे शामिल थे।
थाना-वार प्रकरण (वर्ष 2024)
सूरजपुर – 7 प्रकरण, 13 आरोपी
जयनगर – 4 प्रकरण, 8 आरोपी
रामानुजनगर – 7 प्रकरण, 15 आरोपी
चंदौरा – 1 प्रकरण, 1 आरोपी
प्रेमनगर – 1 प्रकरण, 2 आरोपी
विश्रामपुर – 1 प्रकरण, 3 आरोपी
प्रतापपुर – 1 प्रकरण, 2 आरोपी
भटगांव – 2 प्रकरण, 2 आरोपी
कुल – 24 प्रकरण, 46 आरोपी
थाना-वार प्रकरण (वर्ष 2025)
सूरजपुर – 9 प्रकरण, 12 आरोपी
जयनगर – 6 प्रकरण, 10 आरोपी
चंदौरा – 1 प्रकरण, 2 आरोपी
प्रेमनगर – 1 प्रकरण, 3 आरोपी
प्रतापपुर – 1 प्रकरण, 2 आरोपी
भटगांव – 5 प्रकरण, 7 आरोपी
चांदनी – 1 प्रकरण, 2 आरोपी
ओड़गी – 1 प्रकरण, 2 आरोपी
झिलमिली – 1 प्रकरण, 1 आरोपी
कुल – 26 प्रकरण, 40 आरोपी
जब्ती का विवरण
वर्ष 2024 में 64 किलो 31 ग्राम गांजा, 0.149 ग्राम अफीम, 4256 इंजेक्शन, 2194 टेबलेट, 92 सिरप एवं 18.822 किलो डोडा जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 15.57 लाख रुपये रही।
वर्ष 2025 में 159 किलो 701 ग्राम गांजा, 1632 इंजेक्शन, 1194 कफ सिरप एवं 90 टेबलेट जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 42.49 लाख रुपये आंकी गई।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार अभियान चलाकर तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले की पुलिसिंग व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। त्वरित कार्रवाई एवं सुदृढ़ तंत्र के चलते अब जिले में नशा कारोबारियों में भय का माहौल है और सूरजपुर नशामुक्ति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
