गौरेला के वार्ड 10 में बनेगा सामुदायिक भवन, उपाध्यक्ष रोशनी तापस शर्मा की मांग पर सांसद निधि से ₹10 लाख मंजूर

Advertisement
Advertisement

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। नगर पालिका परिषद गौरेला के वार्ड क्रमांक 10 के लोगों को जल्द ही सामुदायिक भवन की सुविधा मिलने जा रही है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू ने सांसद निधि से वार्ड 10 में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की अनुशंसा की है।

लंबे समय से की जा रही थी मांग

वार्ड क्रमांक 10 में सामुदायिक भवन नहीं होने के कारण स्थानीय नागरिकों को शादी-विवाह सहित विभिन्न सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। नगर पालिका परिषद गौरेला की उपाध्यक्ष रोशनी तापस शर्मा द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण की मांग लगातार उठाई जा रही थी।

सांसद निधि से निर्माण की अनुशंसा

सांसद तोखन साहू ने 19 अगस्त 2026 को कलेक्टर जीपीएम को पत्र भेजकर बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत कोटा विधानसभा के लिए दो कार्यों की अनुशंसा की है। इनमें गौरेला नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 10 में 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण का कार्य भी शामिल है।

पत्र में संबंधित अधिकारियों को 45 दिनों के भीतर कार्य की तकनीकी, वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।

रोशनी तापस शर्मा ने जताया आभार

सामुदायिक भवन की स्वीकृति पर नगर पालिका उपाध्यक्ष रोशनी तापस शर्मा ने सांसद तोखन साहू का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मंत्री ने गौरेला की जनता की मांग को गंभीरता से लेते हुए सांसद निधि से भवन निर्माण की अनुशंसा की है। इससे वार्ड 10 के साथ ही पूरे नगर के लोगों को सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी।

वार्डवासियों में खुशी का माहौल

सामुदायिक भवन निर्माण की अनुशंसा की जानकारी मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों ने खुशी जाहिर की। स्थानीय लोगों ने सांसद तोखन साहू और नगर पालिका उपाध्यक्ष रोशनी तापस शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई है।

Advertisement
Share This Article