रेलवे साइडिंग मार्ग पर दर्दनाक हादसा, ग्रामीणों की भीड़ जुटी
घरघोड़ा। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के बायपास मार्ग पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार ग्रामीण की मौके पर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कोयले से भरी ट्रेलर ने साइकिल सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।
कोल साइडिंग की ओर जा रही ट्रेलर ने मारी टक्कर
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा घरघोड़ा रेलवे स्टेशन के पास स्थित कोल साइडिंग मार्ग पर हुआ। ट्रेलर क्रमांक CG 13 AR 6804 कोयला लोड लेकर साइडिंग की ओर जा रही थी। इसी दौरान कपाटडेरा निवासी युवक साइकिल से सड़क किनारे अपने घर की ओर जा रहा था, तभी ट्रेलर ने उसे चपेट में ले लिया।
मृतक की पहचान दिल कुमार के रूप में हुई
हादसे में मृतक की पहचान दिल कुमार पिता बाल कुमार उम्र 32 वर्ष निवासी कपाटडेरा भेंड्रा थाना घरघोड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और उसके तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव अस्पताल पहुंचाया, चालक फरार
सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
ग्रामीणों में भारी नाराजगी, सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों के साथ ग्राम पंचायत भेंड्रा के सरपंच और जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष उस्मान बेग सहित कई लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भारी वाहनों की लापरवाही और क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों पर नाराजगी जताई।
पहले भी हो चुकी है मौत, जाम और खतरे से लोग परेशान
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी कोल साइडिंग में चलने वाले भारी वाहनों की वजह से एक महिला की दर्दनाक मौत हो चुकी है। आए दिन जाम की स्थिति बनती है और पैदल राहगीरों, साइकिल तथा बाइक चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
घरघोड़ा पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही फरार चालक की तलाश जारी है। घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
