45 वर्षों से कायम परंपरा: करोना चौक पर देर रात फूटी मटकी, मलखंभ प्रतियोगिता में दिखा रोमांच

Advertisement
Advertisement

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आयोजित हुआ पारंपरिक मलखंभ कार्यक्रम, खिलाड़ियों के करतब देखने उमड़ी भीड़

बिलासपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शहर के करोना चौक में पिछले 45 वर्षों से चली आ रही मलखंभ प्रतियोगिता की परंपरा इस वर्ष भी उत्साह के साथ निभाई गई। भादो मास की अष्टमी पर आयोजित इस पारंपरिक कार्यक्रम में पूजा-अर्चना के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। शाम से शुरू हुए आयोजन में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लिया।

विधायक अमर अग्रवाल ने किया शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विधायक अमर अग्रवाल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा संपन्न होने के बाद मलखंभ प्रतियोगिता शुरू हुई। आयोजन के दौरान करोना चौक और आसपास के क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

मलखंभ भारतीय पारंपरिक खेल एवं व्यायाम की प्राचीन विधा है। इसमें खिलाड़ी लकड़ी के खंभे पर चढ़कर संतुलन, शक्ति और शारीरिक कौशल से जुड़े विभिन्न करतब प्रस्तुत करते हैं। करोना चौक की यह प्रतियोगिता चार दशक से अधिक समय से शहर की खेल एवं सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा बनी हुई है।

देर रात तक खिलाड़ियों ने आजमाई ताकत

मटकी फोड़ने के लिए खंभे को ग्रीस से तैयार किया गया था। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे प्रतिभागी शाम से ही खंभे पर चढ़ने का प्रयास करते रहे। खंभे पर पकड़ बनाना और ऊपर तक पहुंचना आसान नहीं था, जिसके चलते प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के निर्धारित समय के बाद आयोजन समिति ने तीन-तीन प्रतिभागियों के समूह बनाकर उन्हें मटकी फोड़ने का अवसर दिया। आखिरकार पहले समूह के यश यादव, आर्यन यादव और रितेश नामदेव ने खंभे पर चढ़कर करीब रात 12:30 बजे मटकी फोड़ने में सफलता हासिल की। मटकी फूटते ही जयकारों के साथ पूरा क्षेत्र उत्साह से भर उठा।

विजेताओं को 15 हजार रुपये और शील्ड से किया सम्मानित

समापन अवसर पर नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष ललित मखीजा और समाजसेवी जवाहर सराफ अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मटकी फोड़ने वाले तीनों प्रतिभागियों को संयुक्त रूप से 15 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि और शील्ड प्रदान की।

इसके साथ ही सदर बाजार के व्यापारियों की ओर से दिए गए गिफ्ट हैम्पर भी विजेता प्रतिभागियों को प्रदान किए गए। अतिथियों ने तीनों विजेताओं का माला पहनाकर स्वागत किया और उनके उत्साह की सराहना की।

आयोजन में शहर के कई गणमान्य लोग हुए शामिल

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, भाजपा नेत्री किरण सिंह, सराफा संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी, सीएमडी कॉलेज के चेयरमैन संजय दुबे, प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा सहित आयोजन समिति के बसंत शर्मा, हबीब मेमन, अरविंद गुलहरे, अनिक केसरवानी, लक्की यादव, रोनित और जानू समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और वर्षों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाने में अपनी सहभागिता निभाई।

नई पीढ़ी को परंपरागत खेलों से जोड़ने का प्रयास

आयोजकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय खेलों, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलता है। करोना चौक की मलखंभ प्रतियोगिता लगातार 45 वर्षों से आयोजित होकर आज भी लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाए हुए है।

जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने धार्मिक उत्सव के साथ शहर की पुरानी खेल और सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत बनाए रखा।

अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article