700 मीटर लंबी चुनरी यमुना मैया को होगी समर्पित, 11 हजार दीपों से जगमगाएगा पीला घाट

क्रासर: 24 नवंबर को ग्राम चमारी से निकलेगी भव्य चुनरी अर्पण यात्रा

क्रासर: बिठूर और वाराणसी के विद्वान ब्राह्मण करेंगे यमुना मैया की महाआरती

उरई (जालौन)। यमुना मैया के प्रति आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम 24 नवंबर को कालपी के पीला घाट पर देखने को मिलेगा। यहां 700 मीटर लंबी चुनरी अर्पित करने के साथ 11 हजार दीपों से दीपदान किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।

ग्राम चमारी से निकलेगी भव्य चुनरी यात्रा

इंफोपार्क के डायरेक्टर अभय द्विवेदी ने स्टेशन रोड, उरई स्थित अपने प्रतिष्ठान में आयोजित प्रेसवार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 24 नवंबर को सुबह 10 बजे ग्राम चमारी से कालपी स्थित यमुना नदी के पीला घाट के लिए भव्य चुनरी अर्पण यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं से यात्रा में शामिल होने की अपील की।

यमुना मैया को अर्पित होगी 700 मीटर लंबी चुनरी

अभय द्विवेदी ने बताया कि चुनरी यात्रा के पीला घाट पहुंचने पर 700 मीटर लंबी चुनरी श्रद्धा और भक्ति के साथ यमुना मैया को समर्पित की जाएगी। इस आयोजन के माध्यम से यमुना मैया के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और समर्पण प्रकट किया जाएगा।

11 हजार दीपों से रोशन होगा यमुना तट

धार्मिक आयोजन के दौरान यमुना तट पर 11 हजार दीपों का दीपदान किया जाएगा। दीपों की रोशनी से पीला घाट जगमगा उठेगा। इसके साथ ही बिठूर और वाराणसी से आने वाले विद्वान एवं प्रख्यात ब्राह्मणों द्वारा गंगा मैया और यमुना मैया की भव्य महाआरती की जाएगी।

श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील

अभय द्विवेदी ने जनपदवासियों, धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं से इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने सभी से चुनरी यात्रा, दीपदान और महाआरती में सहभागी बनकर आयोजन की भव्यता बढ़ाने का आग्रह किया।

Share This Article