शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, गोरखा रोड पर पुलिस ने दबोचा

अभियान संवेदना के तहत महिला थाना पुलिस की कार्रवाई, चंद्रपुर से किरोड़ीमलनगर पहुंचा था आरोपी

शिकायत के बाद तत्काल शुरू हुई कार्रवाई

रायगढ़। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का लगातार शारीरिक शोषण करने के आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान परमेश्वर सिदार उर्फ राजू सिदार (24 वर्ष), निवासी ग्राम भैसानारा, थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

10 साल पहले हुई थी पहचान, शादी का दिया था भरोसा

पुलिस के अनुसार, चक्रधरनगर क्षेत्र की रहने वाली 24 वर्षीय युवती ने 19 नवंबर 2026 को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि करीब 10 वर्ष पहले रिश्तेदार के यहां चंद्रपुर जाने के दौरान उसकी पहचान परमेश्वर सिदार से हुई थी। मई 2025 में आरोपी ने फोन कर उससे शादी करने की इच्छा जताई। इसके कुछ समय बाद वह रायगढ़ में काम करने लगा।

केलो डेम सहित अलग-अलग स्थानों पर शोषण का आरोप

युवती के मुताबिक, 13 जुलाई 2025 को आरोपी उसे घूमने के बहाने केलो डेम ले गया। वहां शादी का भरोसा देकर सुनसान स्थान पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी आरोपी अलग-अलग स्थानों पर शादी का आश्वासन देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। युवती ने आरोप लगाया कि मई 2025 में गर्भवती होने की जानकारी देने पर भी आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में अपने वादे से मुकरने लगा।

शादी से इनकार करने पर थाने पहुंची युवती

शिकायत के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को युवती ने आरोपी को फोन कर अपने घर ले जाने के लिए कहा, लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया। इसके बाद 5 नवंबर को युवती स्वयं आरोपी के गांव भैसानारा स्थित घर पहुंची। वहां आरोपी के परिजनों ने उसकी शादी हो जाने की बात कहते हुए युवती को घर से जाने के लिए कहा। बाद में आरोपी ने भी शादी करने से साफ इनकार कर दिया।

गन्ना बेचने किरोड़ीमलनगर पहुंचने की मिली सूचना

युवती की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 100/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर महिला थाना की टीम अतिरिक्त पुलिस बल के साथ चंद्रपुर रवाना हुई। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी ट्रैक्टर में गन्ना लेकर बिक्री के लिए किरोड़ीमलनगर आने वाला है।

गोरखा रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा

पुलिस टीम तत्काल किरोड़ीमलनगर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी की भनक लगने पर आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन टीम ने गोरखा रोड पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी परमेश्वर सिदार उर्फ राजू सिदार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में की गई। इसमें चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, परमेश्वर गुप्ता, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी, राजेश उरांव, संदीप भगत और साइबर थाना के आरक्षक रविन्द्र गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी ने महिलाओं की सुरक्षा को बताया प्राथमिकता

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से ले रही है। पीड़ित महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महिला सुरक्षा और पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share This Article