रायगढ़ में डीजल चोरों का खेल खत्म! पांच ट्रकों से 300 लीटर डीजल पार करने वाला आरोपी गिरफ्तार, खरीदने वाला ढाबा संचालक भी गिरफ्तार

Raigarh Diesel Chori : पूंजीपथरा पुलिस ने किया चोरी का खुलासा, 80 लीटर डीजल और वारदात में इस्तेमाल जाइलो कार जब्त; दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा

रायगढ़। सड़क किनारे खड़े ट्रक भी अब डीजल चोरों के निशाने पर हैं। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में एक ही रात पांच ट्रकों की डीजल टंकियां तोड़कर करीब 300 लीटर डीजल चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी के साथ चोरी का डीजल खरीदने वाले ढाबा संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 80 लीटर डीजल और चोरी में इस्तेमाल की गई महिंद्रा जाइलो कार जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एक रात में पांच ट्रकों की टंकियां तोड़कर उड़ाया 300 लीटर डीजल

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को ट्रक चालक शशिकांत उपाध्याय (38 वर्ष) ने थाना पूंजीपथरा में डीजल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 17 नवंबर की रात वह अपने ट्रक क्रमांक CG 15 EB 8542 को लेकर पूंजीपथरा पहुंचा था और सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर सो गया था। सुबह उठने पर उसने देखा कि ट्रक की डीजल टंकी टूटी हुई थी और उसमें रखा डीजल गायब था।

जांच के दौरान पता चला कि आसपास खड़े चार अन्य ट्रकों की डीजल टंकियां भी तोड़कर चोरों ने डीजल पार कर दिया था। पांचों ट्रकों से कुल करीब 300 लीटर डीजल चोरी होने की जानकारी सामने आई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 307/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जाइलो कार से करता था ट्रकों की रेकी, फिर देता था वारदात को अंजाम

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के पर्यवेक्षण में पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच तेज की। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और मुखबिरों को सक्रिय किया गया।

इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सूरज यादव (23 वर्ष), निवासी ग्राम सराईटोला, थाना बागबहार, जिला जशपुर, वर्तमान निवासी दीनदयाल कॉलोनी रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब एक वर्ष से रायगढ़ में छोटी गाड़ी चलाने का काम कर रहा है और उसने पुरानी महिंद्रा जाइलो कार खरीदी थी।

पुलिस के अनुसार, पैसों की जरूरत के चलते आरोपी ने 17 नवंबर की रात अपनी जाइलो कार से सुनसान स्थानों पर खड़े ट्रकों की रेकी की। इसके बाद पांच ट्रकों की डीजल टंकियां तोड़कर डीजल खाली ड्रमों में भर लिया। चोरी किए गए डीजल में से कुछ हिस्सा ट्रक चालकों को बेचा गया, जबकि कुछ संबलपुरी स्थित पूजा ढाबा के संचालक को बेच दिया गया। शेष डीजल उसने अपने पास छिपाकर रखा था।

चोरी का डीजल खरीदने वाला पूजा ढाबा संचालक भी पकड़ाया

मुख्य आरोपी से पूछताछ में मिली जानकारी के बाद पुलिस ने संबलपुरी स्थित पूजा ढाबा में दबिश दी। यहां ढाबा संचालक मुकेश कुमार मखीजा (44 वर्ष), निवासी बोईरदादर रायगढ़ से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने चोरी का डीजल खरीदना स्वीकार किया।

पुलिस ने सूरज यादव के कब्जे से 50 लीटर और ढाबा संचालक मुकेश मखीजा के कब्जे से 30 लीटर डीजल बरामद किया। इस तरह कुल 80 लीटर डीजल, जिसकी कीमत करीब 8 हजार रुपये है, जब्त किया गया। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा जाइलो कार क्रमांक OD 05 AL 7035, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये है, भी पुलिस ने जब्त की है।

चोरी का डीजल खरीदने के साक्ष्य मिलने पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी जोड़ी गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा तथा आरक्षक विनोद शर्मा, हेमसागर पटेल और शेखर चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article