रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस ने पांच अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली, जूटमिल और पुसौर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ों से कुल 38 हजार 450 रुपये नकद, ताश की गड्डियां और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत यह कार्रवाई 4 नवंबर 2026 को की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पंचधारी डेम के पास जुआ खेलते चार आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने डीएसपी अजय नागवंशी के नेतृत्व में पंचधारी डेम स्थित मंदिर के पास दबिश दी। यहां काट पत्ती नामक जुआ खेलते हुए चार लोगों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में दीपंकर मित्रा उर्फ शुभम (32), सुभाष चन्द्र व्यापारी उर्फ आकाश (28), विक्की मंडल (40) और भास्कर दास (48), सभी निवासी रायगढ़ शामिल हैं।
पुलिस ने इनके फड़ और कब्जे से 23 हजार 200 रुपये नकद तथा 52 पत्ती ताश जब्त की। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हेमंत चन्द्रा, आरक्षक उत्तम सारथी, प्रताप चंद्र बेहरा और नरोत्तम यादव शामिल रहे।
जूटमिल पुलिस ने दो स्थानों पर की कार्रवाई
जूटमिल पुलिस ने निरीक्षक अभिनवकांत सिंह के नेतृत्व में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सात जुआरियों को गिरफ्तार किया।
पहली कार्रवाई कयाघाट स्थित बजरंगबली मंदिर के सामने हुई। यहां स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ खेल रहे विजय दास महंत (38), अक्षय भारद्वाज (30) और जावेद अली (20) को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 1,980 रुपये नकद जब्त किए गए।
दूसरी कार्रवाई बांझीनपाली स्थित मनकेशरी मंदिर के सामने की गई। यहां जुआ खेल रहे संजय कुमार पाण्डेय (40), उमेश आदित्य (30), कमलेश उर्फ भुरी यादव (23) और एतवारी आदित्य (60) को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 920 रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस को देखकर दोनों स्थानों से कुछ अन्य जुआरी फरार हो गए।
बाघाडोला और जकेला में सात जुआरी पकड़े गए
पुसौर पुलिस ने टीआई हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में ग्राम बाघाडोला और जकेला में कार्रवाई की।
ग्राम बाघाडोला पंचायत भवन के सामने बिजली की रोशनी में जुआ खेल रहे डिग्रीलाल चौहान (54), जपेश्वर चौहान (32) और गोपाल चौहान (34), तीनों निवासी बाघाडोला, को गिरफ्तार किया गया। इनके फड़ और कब्जे से 2,150 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की गई।
इसी तरह ग्राम जकेला खार के पास जुआ खेल रहे जगदीश साव (29), विद्याधर साव (48), सुशील प्रधान (48) और नंद कुमार साव (31) को पकड़ा गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 हजार 200 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की।
इन दोनों कार्रवाई में उप निरीक्षक कुंदन गौर, प्रधान आरक्षक कल्याण सिंह तथा आरक्षक दिलीप सिदार, अनूप साव, महेश चौहान, मन्नु लाल और ठंडाराम गुप्ता शामिल रहे।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा: एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जुआ-सट्टा जैसी सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे अवैध कृत्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


