Bijapur News: कर्रेगुट्टा हिल्स के जंगल में माओवादियों का डंप बरामद, 711 BGL सेल जब्त

Advertisement

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादी गतिविधियों के खिलाफ सर्च अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। उसूर थाना क्षेत्र के कर्रेगुट्टा (KG) हिल्स के जंगलों में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 नग बीजीएल (BGL) सेल बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई FOB ताड़ापाला के समीप की गई।

संयुक्त सुरक्षा बलों ने चलाया सर्च ऑपरेशन

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीजापुर पुलिस को विश्वसनीय सूत्र से माओवादियों के डंप की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके आधार पर जिला पुलिस बीजापुर, सीआरपीएफ की 196वीं बटालियन और 204 कोबरा की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

थाना उसूर क्षेत्रांतर्गत FOB ताड़ापाला के आसपास के जंगलों में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान FOB ताड़ापाला से लगभग डेढ़ किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में कर्रेगुट्टा हिल्स के समीप माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 नग BGL सेल बरामद हुए।

सुरक्षा नियमों के तहत कब्जे में लिए गए सेल

बरामद BGL सेल को सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए सुरक्षित रूप से कब्जे में लिया गया। फिलहाल सुरक्षा बलों की ओर से कर्रेगुट्टा और आसपास के पहाड़ी इलाकों में सर्चिंग अभियान जारी है।

पहाड़ी क्षेत्र में नहीं जाने की अपील

पुलिस ने सुरक्षा कारणों से आम नागरिकों से कर्रेगुट्टा और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में फिलहाल नहीं जाने की अपील की है। गौरतलब है कि मई 2025 में छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा से लगे इसी पहाड़ी क्षेत्र में देश के सबसे बड़े नक्सल विरोधी अभियानों में से एक चलाया गया था।

Share This Article