Florida Learjet Crash News : अमेरिका के फ्लोरिडा में हुए लियरजेट विमान हादसे से जुड़ी एक भावुक करने वाली जानकारी सामने आई है। हादसे में जान गंवाने वाली 20 वर्षीय को-पायलट नथालिया गादेल्हा फिल्गुएरास ने दुर्घटना से महज 10 मिनट पहले अपने बॉयफ्रेंड को आखिरी मैसेज भेजा था। इसमें उन्होंने विमान में टर्बुलेंस और बर्फ जमने की समस्या का जिक्र किया था। हादसे के बाद नथालिया की एयर ट्रैफिक कंट्रोल के साथ हुई रेडियो बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सामने आई है।
हादसे से 10 मिनट पहले भेजा था आखिरी मैसेज
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, नथालिया के सौतेले पिता थियागो कॉर्टेलेटी ने बताया कि उनकी बेटी ने दोपहर करीब 12:40 बजे अपने बॉयफ्रेंड को मैसेज किया था। इसके लगभग 10 मिनट बाद यानी 12:50 बजे फ्लोरिडा में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
नथालिया के बॉयफ्रेंड भी पेशे से पायलट हैं। उनके सौतेले पिता ने आखिरी मैसेज का जिक्र करते हुए बताया कि नथालिया ने लिखा था, “टर्बुलेंस है, बर्फ जम रही है।”
हादसे के आखिरी पलों की ऑडियो रिकॉर्डिंग आई सामने
दुर्घटना से पहले नथालिया एयर ट्रैफिक कंट्रोल के संपर्क में थीं। विमान के आखिरी पलों की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, रिकॉर्डिंग में एक व्यक्ति को लॉर्ड्स प्रेयर यानी प्रभु की प्रार्थना पढ़ते हुए सुना जा सकता है, जबकि उसी दौरान नथालिया की चीखने की आवाज भी सुनाई देती है।
रिहायशी इलाके में क्रैश हुआ था विमान
यह लियरजेट 60 विमान रविवार सुबह टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास के लिए रवाना हुआ था। हालांकि, उड़ान के दौरान विमान फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी के एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई।
17 साल की उम्र में हासिल किया था पायलट लाइसेंस
नथालिया गादेल्हा फिल्गुएरास की उम्र महज 20 साल थी, लेकिन इतनी कम उम्र में ही वह 1,300 घंटे से अधिक की उड़ान का अनुभव हासिल कर चुकी थीं। उन्होंने अक्टूबर 2023 में 17 साल की उम्र में अपना प्राइवेट पायलट लाइसेंस प्राप्त किया था। उनके करियर की शुरुआत और कम उम्र में हासिल किया गया उड़ान अनुभव इस हादसे के बाद चर्चा में है।


