अंबिकापुर ब्रेकिंग: सीतापुर में नाबालिग किशोर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, एक माह पहले तीन युवकों ने की थी अश्लील हरकत

Advertisement

सीतापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर नगर पंचायत क्षेत्र में एक नाबालिग किशोर द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है। फिलहाल किशोर के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलने पर सीतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना सीतापुर नगर पंचायत क्षेत्र के महामाया वार्ड अंतर्गत कटनईपारा की है। बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले इसी नाबालिग किशोर के साथ तीन युवकों ने मारपीट करने के बाद उसके कपड़े उतरवाकर अश्लील हरकत की थी। आरोपियों ने इस दौरान वीडियो भी बनाया था और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी थी।

इस मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया था। कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल अंबिकापुर भेज दिया गया था।

इधर, नाबालिग किशोर की आत्महत्या की खबर से परिवार सदमे में है। घटना के बाद एक बार फिर पूर्व में हुई प्रताड़ना का मामला चर्चा में आ गया है। हालांकि, किशोर ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आत्महत्या के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Share This Article