रायगढ़ में चक्रवात अर्नब का अलर्ट: भारी बारिश की आशंका, प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

Advertisement

रायगढ़, 29 अक्टूबर 2026। चक्रवात अर्नब के प्रभाव से जिले में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने, निचले इलाकों में लगातार निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

आपात स्थिति में आम नागरिकों की सहायता और सूचना के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 07762-223750 जारी किया है। साथ ही जिला और तहसील स्तर के कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

राहत एवं बचाव कार्यों के लिए विभाग अलर्ट

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। विशेष रूप से निचले इलाकों और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि स्थिति बिगड़ने पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

नदी-नालों और रपटों से दूर रहने की अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को नदी-नालों और रपटों के पास जाने से बचने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी रखने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली से बचाव के उपाय अपनाने और मौसम खराब होने पर खुले स्थानों में अनावश्यक रूप से नहीं रुकने की भी अपील की गई है।

आपात स्थिति में इस नंबर पर दें सूचना

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति में सहायता या सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर 07762-223750 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला और तहसील स्तरीय कंट्रोल रूम को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

संभावित खराब मौसम के बीच प्रशासन ने जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों से अपील है कि वे सावधानी बरतें, जोखिम वाले स्थानों से दूर रहें और आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें।

Share This Article