महंगाई भत्ता और महंगाई राहत नहीं मिलने पर पेंशनरों ने जताया असंतोष, आगामी बैठक 11 नवंबर को कोटमी में होगी आयोजित
पेंड्रा। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर्स कल्याण शाखा जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) की कार्यकारिणी की आवश्यक बैठक द गुरुमंत्र हायर सेकेंडरी स्कूल, अमरपुर, पेंड्रा में दोपहर 2 बजे आयोजित की गई। बैठक में गौरेला, पेंड्रा, मरवाही एवं साकोला तहसील के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, सह सचिव, उपाध्यक्ष सहित विभिन्न तहसीलों के सदस्यों ने सहभागिता की। बैठक में संगठन की गतिविधियों, सदस्यता अभियान और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।
कोटमी में आयोजित होगा पेंशनर दिवस
बैठक का प्रमुख विषय पेंशनर दिवस के आयोजन को लेकर रहा। प्रतिवर्ष 17 दिसंबर को मनाए जाने वाले पेंशनर दिवस के अवसर पर जिला जीपीएम में प्रांतीय सम्मेलन एवं पेंशनर दिवस का आयोजन करने का निर्णय लिया गया। चर्चा के बाद सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस आयोजन को कोटमी में संपन्न कराने पर सहमति जताई।
बैठक में वर्ष 2026 की सदस्य संख्या, सदस्यता अभियान तथा संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी जानकारी का आदान-प्रदान किया गया। संगठन को मजबूत बनाने और सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
महंगाई भत्ता और महंगाई राहत नहीं मिलने पर जताई नाराजगी
बैठक में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनरों की महंगाई राहत को लेकर घोषणा नहीं किए जाने पर सदस्यों ने असंतोष व्यक्त किया। सदस्यों ने मांग की कि 27 अक्टूबर को होने वाली मंत्रिपरिषद की बैठक में महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत के संबंध में घोषणा की जाए, ताकि कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत मिल सके।
प्रकाश नामदेव ने किया संचालन
बैठक का संचालन जिला सचिव प्रकाश नामदेव ने किया, जबकि अध्यक्षता मरवाही के अध्यक्ष हरिशरण नहरेल ने की। बैठक की शुरुआत में पिछली बैठक की कार्यवाही का वाचन किया गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने अनुमोदित किया।


