काशी दौरे के दौरान भदऊचुंगी के पास सड़क के दोनों ओर जुटे हजारों लोग, ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजा इलाका
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आयोजित तीन दिवसीय एयर शो में शामिल होने के लिए सड़क मार्ग से नमो घाट पहुंचे। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। भदऊचुंगी के पास सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए मौजूद थे।
लोगों का उत्साह देख कार से बाहर आए पीएम
सड़क किनारे जुटे समर्थकों का उत्साह देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी कार रुकवाई। वह कार से बाहर निकले और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। प्रधानमंत्री को अपने बीच देखकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया। इस दौरान ‘विश्वनाथ की नगरी में मोदी जी का स्वागत है’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे।
लोगों ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए खुशी जताई और उनसे कहा कि रोड शो शानदार रहा। पीएम मोदी ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल भी रहे साथ
प्रधानमंत्री के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं। पुलिस लाइन से नमो घाट तक कई स्थानों पर लोगों ने उनका स्वागत किया।
करीब 12:45 बजे प्रधानमंत्री लोगों का अभिवादन करते हुए एयर शो में शामिल होने के लिए नमो घाट की ओर रवाना हो गए। उनके काशी दौरे के दौरान सड़क किनारे जुटी भीड़ और समर्थकों के उत्साह ने पूरे मार्ग पर खास माहौल बना दिया।
