पसान में 51 फीट के रावण का होगा दहन, भव्य आतिशबाजी और रामलीला रहेगी आकर्षण का केंद्र

Advertisement

हिंदू धर्म रक्षण संगठन के नेतृत्व में तीसरे वर्ष होगा दशहरा उत्सव, 25 से 30 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान

पसान। कोरबा जिले के पसान में हिंदू धर्म रक्षण संगठन के नेतृत्व में इस वर्ष भी भव्य दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। राजा लालमन सिंह खेल मैदान स्थित सत्यमेव जयते स्टेडियम दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में 51 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही भव्य आतिशबाजी, संगीतमय प्रस्तुतियां, रामलीला और छत्तीसगढ़ी कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

हिंदू धर्म रक्षण संगठन के अध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने बताया कि पसान में संगठन के नेतृत्व में दशहरा उत्सव और रावण दहन की शुरुआत की गई थी। इस वर्ष आयोजन का तीसरा वर्ष है। संगठन द्वारा इस बार कार्यक्रम को विशेष और आकर्षक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

51 फीट के रावण दहन के साथ भव्य आयोजन

इस बार दशहरा मैदान में 51 फीट ऊंचे रावण के दहन के साथ भव्य आतिशबाजी की जाएगी। आयोजन में बाहर से आने वाले संगीतमय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा मध्य प्रदेश से रामलीला मंडली को आमंत्रित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

संगठन के अध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने कहा कि दशहरा केवल उत्सव नहीं, बल्कि अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। मां आदिशक्ति की आराधना के साथ नवरात्रि के अंतिम दिन आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाना है।

पहले रावण दहन के लिए जाना पड़ता था 40 किलोमीटर दूर

राजकुमार पांडेय ने बताया कि पहले पसान क्षेत्र में रावण दहन का आयोजन नहीं होने के कारण क्षेत्रवासियों को दशहरा देखने के लिए लगभग 40 किलोमीटर दूर गौरेला के दत्तात्रेय मैदान जाना पड़ता था। लंबी यात्रा के दौरान हादसों की आशंका को देखते हुए स्थानीय स्तर पर ही दशहरा उत्सव शुरू करने की पहल की गई।

इसी उद्देश्य से हिंदू धर्म रक्षण संगठन के नेतृत्व में पसान के राजा लालमन सिंह खेल मैदान, सत्यमेव जयते स्टेडियम में रावण दहन और दशहरा उत्सव की शुरुआत की गई। पिछले वर्ष आयोजन में अनुमानित 20 हजार से अधिक लोग शामिल हुए थे। इस बार 25 से 30 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।

संगठन के पदाधिकारियों ने की क्षेत्रवासियों से अपील

संगठन के उपाध्यक्ष मुकेश साहू ने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम को पहले से अधिक विशेष बनाने की तैयारी की गई है। संगठन के सचिव ओम प्रकाश जायसवाल ने कहा कि राम और रावण के युद्ध के माध्यम से धर्म की विजय का संदेश जन-जन तक पहुंचाना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

वहीं, संगठन के कोषाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने मातृशक्ति से धार्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। सह कोषाध्यक्ष विकास पांडेय ने बताया कि आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं।

संगठन के मीडिया प्रभारी हिमांशु पांडेय एवं सह मीडिया प्रभारी सौरभ प्रजापति ने समस्त क्षेत्रवासियों को सपरिवार शामिल होने का आमंत्रण दिया। कार्यक्रम के संयोजक राम शरण सिंह तथा सह संयोजक दुर्गेश राजपूत एवं बजरंग जायसवाल ने कहा कि संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की अपील

आयोजन समिति ने दशहरा उत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है। संगठन के अध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने का आग्रह किया।

उन्होंने मां आदिशक्ति से सभी क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए जय श्रीराम के उद्घोष के साथ सभी को दशहरा उत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

Share This Article