बुलाँकी गांव में हुआ भव्य आयोजन, कवियों ने अपनी रचनाओं से बांधा समां; अंगवस्त्र और श्रीफल भेंटकर किया गया सम्मान
रायगढ़। प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था काव्य कलश कला एवं साहित्य मंच खरसिया की वरिष्ठ कवयित्री एवं महिला प्रकोष्ठ की सलाहकार श्रीमती उर्मिला सिदार की अधिवार्षिकी पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उनके निज ग्राम बुलाँकी में शिक्षक अभिनंदन एवं सम्मान समारोह के साथ कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। समारोह में परिजनों, रिश्तेदारों, विकासखंड पुसौर के शिक्षकगण और आसपास के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
धूमधाम से हुआ स्वागत, परिजनों ने दी बधाई
कार्यक्रम की शुरुआत में श्रीमती उर्मिला सिदार को पुटकापुरी स्कूल से धूमधाम के साथ उनके घर लाया गया। घर पहुंचने पर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान मित्रों और रिश्तेदारों ने उन्हें उपहार भेंट कर अधिवार्षिकी पूर्ण होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इसके बाद कवि सम्मेलन का शुभारंभ हुआ।
कवियों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध
मंगल सिंह सिदार की अध्यक्षता में आयोजित कवि सम्मेलन में लखन लाल राठौर, नरेंद्र वैष्णव, उर्मिला सिदार, प्रियंका गुप्ता ‘प्रिया’, पुरुषोत्तम प्रसाद गुप्ता एवं चूड़ामणि सिदार ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया। कवियों की रचनाओं ने कार्यक्रम में साहित्यिक रंग भरते हुए उपस्थित लोगों को भावविभोर किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन वेदराम चौहान ‘सदाबहार’ ने किया। उनकी प्रभावशाली संचालन शैली ने आयोजन को सुव्यवस्थित और रोचक बनाए रखा।
स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना
समारोह में उपस्थित सभी कवियों ने श्रीमती उर्मिला सिदार को अधिवार्षिकी पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी कवियों को अंगवस्त्र एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। आत्मीयता, साहित्य और सम्मान से परिपूर्ण यह आयोजन उपस्थित लोगों के लिए यादगार रहा।


