Elephant Attack: 12 हाथियों के दल का उत्पात, दो मकान तोड़े और धान की फसलें रौंदी; मंत्री राजेश अग्रवाल ने लिया जायजा

Advertisement

Elephant Terror in Udaipur: छत्तीसगढ़ के उदयपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों के हमले से ग्रामीणों और किसानों को भारी नुकसान हुआ है। प्रभावित गांवों का दौरा कर मंत्री राजेश अग्रवाल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अधिकारियों को नियमानुसार मुआवजा देने के निर्देश दिए।

दो मकान क्षतिग्रस्त, फसलों को भी नुकसान

उदयपुर। वन परिक्षेत्र उदयपुर में हाथियों का आतंक जारी है। बीती रात 12 हाथियों के दल ने महेशपुर और मानपुर क्षेत्र में दो ग्रामीणों के मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं, लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में धान सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचाया। क्षेत्र में एक दल के 14 हाथी सतीमुड़ा में डटे हैं, जबकि दूसरा दल करमकठरा जंगल में मौजूद है।

प्रभावित गांवों में पहुंचे मंत्री राजेश अग्रवाल

रायपुर से लौटते समय मंत्री राजेश अग्रवाल ने लक्ष्मणगढ़, फुंगी, मानपुर और महेशपुर का दौरा किया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने के निर्देश

हाथियों के हमले में मकान क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित महेशपुर निवासी बृजभान यादव और कैलाशो बाई से मंत्री ने मुलाकात की। उन्होंने परिवारों का हालचाल जाना और वन विभाग के अधिकारियों को नुकसान का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों की सुरक्षा पर जोर

मंत्री राजेश अग्रवाल ने वन विभाग के अमले को हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और प्रभावित गांवों में समय रहते मुनादी व अन्य माध्यमों से ग्रामीणों को सतर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

दौरे के दौरान रामगढ़ मंडल अध्यक्ष प्रबोध सिंह, देवगढ़ मंडल अध्यक्ष अखंड विधायक सिंह, जनपद सदस्य मुन्ना सिंह, अर्जुन सिंह, विजय यादव, डालेश्वर यादव, अनिल सिंह और मनीष बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं, एसडीएम रामराज सिंह, वन परिक्षेत्र अधिकारी फेंकू प्रसाद चौबे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी वेद प्रकाश गुप्ता, थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह और प्रभारी वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी राधा कृष्णन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article