Project Asha: मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए 5 दिन निःशुल्क बस सेवा, रोटरी क्लब जगदलपुर की पहल

Advertisement

Dantewada Bus Service: 11 से 15 अक्टूबर तक जगदलपुर और दंतेवाड़ा के बीच चलेंगी निःशुल्क बसें। श्रद्धालुओं को मिलेगी एकतरफा यात्रा की सुविधा, वापसी का इंतजाम स्वयं करना होगा।

जगदलपुर। मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रोटरी क्लब जगदलपुर ने ‘प्रोजेक्ट आशा’ के तहत निःशुल्क बस सेवा शुरू करने की पहल की है। यह सेवा 11 से 15 अक्टूबर 2026 तक जगदलपुर स्थित दंतेश्वरी मंदिर परिसर और दंतेवाड़ा के मां दंतेश्वरी मंदिर के बीच संचालित होगी।

सीमित रेल सुविधा के बीच श्रद्धालुओं को राहत

रोटरी क्लब के अनुसार, दंतेवाड़ा के लिए सीमित रेल सेवाओं के कारण यात्रियों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं और जरूरतमंद यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।

जानिए बसों का टाइम टेबल

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जगदलपुर से दंतेवाड़ा और दंतेवाड़ा से जगदलपुर के लिए बसें अलग-अलग समय पर रवाना होंगी।

  • जगदलपुर से दंतेवाड़ा: सुबह 7 बजे और दोपहर 2 बजे।
  • दंतेवाड़ा से जगदलपुर: सुबह 10 बजे और शाम 5 बजे।

यह समयसारिणी 11, 12, 13, 14 और 15 अक्टूबर को लागू रहेगी।

यात्रा से पहले समझ लें जरूरी शर्त

रोटरी क्लब ने स्पष्ट किया है कि यह सेवा केवल One-Way Drop Facility के रूप में उपलब्ध होगी। जगदलपुर से दंतेवाड़ा जाने वाले यात्रियों को उसी बस से वापस लाने की व्यवस्था नहीं है। उन्हें अपनी वापसी का इंतजाम स्वयं करना होगा।

दंतेवाड़ा से जगदलपुर के लिए निर्धारित बस सेवा अलग से संचालित होगी। इसे पहले गए यात्रियों की सुनिश्चित वापसी सुविधा नहीं माना जाएगा।

रोटरी क्लब ने संभाली संचालन की जिम्मेदारी

इस परियोजना के चेयरमैन रोटरी क्लब जगदलपुर के उपाध्यक्ष रोटेरियन संग्राम सिंह राणा होंगे। क्लब के सचिव रोटेरियन अंकित गोयल और संयुक्त सचिव रोटेरियन सप्तगिरि मद्दी सेवा के संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।

‘प्रोजेक्ट आशा’ के जरिए रोटरी क्लब ने धार्मिक आस्था के साथ जनसेवा को जोड़ने का प्रयास किया है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रस्थान का समय, निर्धारित स्थान और एकतरफा यात्रा की शर्तों को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

Share This Article