स्क्रैप के खेल में बड़ा खुलासा! 32 टन संदिग्ध लोहा लदा ट्रक पकड़ाया, जीएसटी की जांच में फंसा ट्रक, बिना कागज के निकला ₹26.50 लाख का माल

Advertisement

कोरबा से पूंजीपथरा जा रहा था माल, चालक पर BNS-BNSS में कार्रवाई


ट्रक समेत ₹26.50 लाख का माल जब्त, कागजात नहीं दिखा सका चालक

रायगढ़, 6 अक्टूबर। जीएसटी विभाग की ई-वे बिल जांच में संदिग्ध पाए गए स्क्रैप परिवहन के मामले में पूंजीपथरा पुलिस ने 16 चक्का ट्रक सहित करीब 32 टन 500 किलो लोहे का स्क्रैप जब्त किया है। जब्त ट्रक और माल की कुल कीमत लगभग ₹26.50 लाख आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक चालक अलेक्जेंडर तिर्की के खिलाफ धारा 35(क)(ड) BNSS एवं 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की है।

जीएसटी की नजर पड़ी तो खुली पोल, दस्तावेजों में मिला विरोधाभास

मिली जानकारी के अनुसार 1 अक्टूबर को रायगढ़ ई-वे बिल जांच दल ने तराईमाल स्थित एनआरवीएस प्लांट के पास ट्रक क्रमांक CG22P9367 की जांच की। चालक ने स्क्रैप को कोरबा जिले से ए.आर. इस्पात, पूंजीपथरा ले जाना बताया, लेकिन माल और दस्तावेजों में विरोधाभास मिलने पर जीएसटी विभाग ने ट्रक को निरूद्ध कर चालक को MOV-01 व MOV-02 जारी किया। वाहन को पास के पेट्रोल पंप में खड़ा कराया गया था।

जीएसटी के रोके ट्रक को बिना इजाजत प्लांट ले गया चालक, फर्म भी नहीं दे पाई हिसाब

इसी बीच चालक द्वारा अधिकारी की अनुमति के बिना निरूद्ध ट्रक को अनलोडिंग के लिए ए.आर. इस्पात के प्लांट परिसर में ले जाने की बात सामने आई। विभाग ने कर बीजक जारी करने वाली फर्म मेसर्स पी.आर. ग्लोबल, जगतपुर रोड रायगढ़ (GSTIN 22ABFFP3210P1ZB) से भी दस्तावेज मांगे, पर फर्म मातृ बीजक, माल के वास्तविक स्रोत और भुगतान संबंधी कागजात पेश नहीं कर सकी। माल के संदिग्ध या चोरी के होने की आशंका पर विभाग ने ट्रक और माल को पूंजीपथरा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

ट्रक में भरा था टीन, रॉड और गाड़ियों के पुर्जे, चालक ने बताया नुनबीरा से लाया माल

4 अक्टूबर को पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसमें टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहनों के पार्ट्स सहित स्क्रैप लदा मिला। पूछताछ में चालक अलेक्जेंडर तिर्की (50 वर्ष), पिता भीमसेन तिर्की, निवासी चिड़रापारा पत्थलगांव, जिला जशपुर ने बताया कि वह स्क्रैप को धरमजयगढ़ क्षेत्र के नुनबीरा से लाकर ए.आर. इस्पात में खपाने ले जा रहा था। ए.आर. इस्पात से संपर्क करने पर भी पुलिस को ट्रक और माल के संबंध में संतोषजनक जानकारी या पर्चेस ऑर्डर आदि दस्तावेज नहीं मिले।

गवाहों के सामने पुलिस ने की जब्ती, ₹20 लाख का ट्रक और ₹6.50 लाख का स्क्रैप कब्जे में

इस पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में करीब 32.5 टन स्क्रैप (अनुमानित कीमत ₹6.50 लाख) और 16 चक्का ट्रक (कीमत लगभग ₹20 लाख) जब्त कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Share This Article