13 कर्मचारियों ने लिया हिस्सा, हिंदी में कार्य निष्पादन और राजभाषा प्रावधानों के अनुपालन की भी हुई समीक्षा
बिलासपुर, 22 सितंबर 2026। बिलासपुर मंडल में 14 से 28 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के मार्गदर्शन एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) तथा अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी के नेतृत्व में राजभाषा विभाग द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच राजभाषा के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
हिंदी वाक् प्रतियोगिता में 13 कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
राजभाषा पखवाड़ा के तहत 21 सितंबर को कर्मचारियों के लिए हिंदी वाक् प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों में कार्यरत कुल 13 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने ‘साइबर फ्रॉड एक चुनौती’, ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘भारतीय रेल पर हिंदी का बढ़ता वर्चस्व’ विषयों पर अपने विचार रखे।
प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में सहायक मंडल वित्त प्रबंधक, बिलासपुर अरुण कुमार तिवारी तथा सहायक मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) अजय कुमार सिंह उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में इन्हें मिले पुरस्कार
हिंदी वाक् प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार लोको पायलट गुड्स एवं मुख्य क्रू कंट्रोलर, बिलासपुर राकेश कुमार श्रीवास को मिला। द्वितीय पुरस्कार सीनियर सीसी टीसी एवं मुख्य टिकट निरीक्षक, बिलासपुर प्रेमलता सिन्हा ने प्राप्त किया।
तृतीय पुरस्कार वरिष्ठ तकनीशियन एवं सीनियर सेक्शन इंजीनियर विद्युत/सामान्य/एसी, बिलासपुर रम रतन नाई को मिला। प्रेरणा-I पुरस्कार कार्यालय अधीक्षक, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, बिलासपुर आकुंडी रामेश्वरी तथा प्रेरणा-II पुरस्कार मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, शहडोल विरेन्द्र कुमार गोस्वामी ने प्राप्त किया।
विभिन्न यूनिटों में राजभाषा प्रगति का निरीक्षण
इसी क्रम में 22 सितंबर को बिलासपुर मंडल के विभिन्न यूनिटों में राजभाषा प्रगति विषयक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग, राजभाषा संबंधी प्रावधानों के अनुपालन तथा हिंदी में कार्य निष्पादन की प्रगति का जायजा लिया गया।
अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़




