उल्लास साक्षरता महापरीक्षा और सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों का भी लिया जायजा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने जिले के तीनों विकासखंडों के विभिन्न स्कूलों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था और स्कूलों में चल रही गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उल्लास साक्षरता महापरीक्षा की तैयारियों के साथ सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों की भी समीक्षा की।

गौरेला और पेंड्रा विकासखंड में स्कूलों का निरीक्षण
जिला शिक्षा अधिकारी ने गौरेला विकासखंड के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय ज्योतिपुर तथा मिडिल स्कूल सारबहरा का निरीक्षण किया। इसके बाद पेंड्रा विकासखंड के प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल अड़भार पहुंचे। उन्होंने मिडिल स्कूल कुकड़ई में आयोजित संकुल स्तरीय बैठक में भी हिस्सा लिया।

बैठक के दौरान उन्होंने उल्लास साक्षरता महापरीक्षा की तैयारियों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सेवा संकल्प अभियान के तहत स्कूलों में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की।
मझगवां स्कूल में बच्चों की गतिविधि देखकर शिक्षिका की सराहना
निरीक्षण के अगले चरण में जिला शिक्षा अधिकारी मरवाही विकासखंड पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न प्राथमिक शालाओं का निरीक्षण किया। प्राथमिक शाला मझगवां में उन्होंने बच्चों को शिक्षिका के मार्गदर्शन में टीवी के माध्यम से चित्रकारी करते हुए देखा।

बच्चों की इस गतिविधि को देखकर जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों में रचनात्मकता विकसित करने वाली ऐसी गतिविधियां आगे भी जारी रखी जानी चाहिए।
अंडी के स्कूलों में मिलीं कमियां, प्राचार्य को फटकार
इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने मिडिल स्कूल अंडी और हाई स्कूल अंडी का निरीक्षण किया। यहां निरीक्षण के दौरान कई तरह की कमियां सामने आईं। इस पर उन्होंने संबंधित प्राचार्य के प्रति नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई और स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
अनुपस्थित शिक्षकों को नोटिस के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कुछ अन्य स्थानों पर भी व्यवस्थागत खामियां पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों को नोटिस जारी करने और संबंधित स्कूल प्रमुखों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बीईओ उपेंद्र सिंह, उल्लास के नोडल अधिकारी मुकेश कोरी एवं आलोक शुक्ला मौजूद रहे।




