नटवर स्कूल मैदान से निकलेगी शोभायात्रा, नगर निगम ऑडिटोरियम में सभा के साथ होगा समापन
रायगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) नगर इकाई रायगढ़ द्वारा 29 सितंबर 2026 को युवतियों और महिलाओं के लिए ‘तेजस्विनी’ युक्ति सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में रायगढ़ शहर और आसपास के क्षेत्रों से 1500 से अधिक युवतियों एवं महिलाओं के शामिल होने की संभावना है।
नारी सशक्तिकरण और पंच परिवर्तन पर रहेगा फोकस
आयोजकों के मुताबिक सम्मेलन का उद्देश्य युवतियों और महिलाओं के सर्वांगीण विकास, वैचारिक जागरूकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में नारी सशक्तिकरण के साथ ‘पंच परिवर्तन’ से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी।
पंच परिवर्तन के तहत सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी आचरण और नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों को प्रमुखता दी जाएगी।
नेतृत्व और आत्मनिर्भरता पर होगा मार्गदर्शन
‘तेजस्विनी’ सम्मेलन में युवतियों को नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा बोध और सामाजिक दायित्व जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिए जाने की जानकारी अभाविप ने दी है। कार्यक्रम में प्रबुद्ध वक्ताओं के संबोधन और वैचारिक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
नटवर स्कूल मैदान से निकलेगी शोभायात्रा
सम्मेलन की शुरुआत नटवर स्कूल मैदान से होगी। यहां प्रतिभागियों का एकत्रीकरण किया जाएगा। इसके बाद अनुशासित शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होते हुए नगर निगम ऑडिटोरियम पहुंचेगी।
नगर निगम ऑडिटोरियम में शोभायात्रा के बाद सभा और वैचारिक सत्र आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर शोभायात्रा का स्वागत भी किया जाएगा।
अभाविप ने शहरवासियों से की सहभागिता की अपील
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर इकाई रायगढ़ ने छात्र-छात्राओं, महिलाओं और आम नागरिकों से सम्मेलन में शामिल होने की अपील की है। परिषद के अनुसार ‘तेजस्विनी’ सम्मेलन युवतियों और महिलाओं की सामाजिक सहभागिता तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को लेकर केंद्रित रहेगा।


