अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और अशांति फैलाने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, सभी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष किया गया पेश
बिलासपुर। सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, हुड़दंग और नशाखोरी जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चकरभाठा पुलिस ने अभियान चलाकर 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चला अभियान
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (DIG/SSP) रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाई और सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की जांच की।
इन 9 लोगों पर हुई कार्रवाई
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार कार्रवाई की जद में आए लोगों में जीत वर्मा (28), पप्पू उर्फ गुलशन पाण्डेय (24), समीर दास मानिकपुरी (20), प्रियांशु वर्मा (21), हर्षवर्धन उर्फ मोन्टू वर्मा (18 वर्ष 7 माह), आयुष्मान वर्मा (21), रमेश उर्फ पाण्डो मेरसा (22), करन सोनवानी (23) और शत्रुहन निषाद (34) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी संबंधित लोग बोदरी, विकास नगर, ग्राम सेंवार और रामनगर-हिरीं माइन्स क्षेत्र के निवासी हैं।
प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई
पुलिस ने सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता और लोगों को परेशान करने वाली गतिविधियों को रोकने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास असामाजिक गतिविधियां, अड्डेबाजी या नशे से जुड़ी कोई अवैध गतिविधि दिखाई देती है तो तत्काल डायल 112 या नजदीकी पुलिस थाने को इसकी सूचना दें। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।




