SECL में विश्वकर्मा जयंती और PM मोदी का जन्मदिन एक साथ मना, 75 श्रमवीरों को मिला ‘विश्वकर्मा अवार्ड’

Advertisement
Advertisement

द्वितीय विश्वकर्मा अवार्ड्स समारोह में नियमित और संविदा कर्मियों का सम्मान; स्वच्छता कर्मियों को भी मंच पर सम्मानित कर स्वच्छता का संकल्प दोहराया

बिलासपुर। भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) मुख्यालय में ‘द्वितीय विश्वकर्मा अवार्ड्स’ समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में खदानों, भारी मशीनों के संचालन और तकनीकी प्रबंधन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 75 श्रमवीरों, जिनमें नियमित एवं संविदा कर्मी शामिल हैं, को सम्मानित किया गया।

श्रमिक सृजन और राष्ट्र निर्माण के संवाहक : बिरंची दास

कार्यक्रम में SECL के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (तकनीकी) संचालन रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक (तकनीकी/योजना/परियोजना) नृपेंद्र नाथ विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा कर्म, कौशल और सृजन के शाश्वत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि खदानों में दिन-रात कार्य करने वाले श्रमिक देश की ऊर्जा सुरक्षा की रीढ़ हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और विश्वकर्मा जयंती पर जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान कंपनी के लिए गर्व का विषय है।

केंद्रीय कोयला मंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया गया

समारोह के दौरान केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी द्वारा कोयला कामगारों के लिए भेजा गया विशेष संदेश भी पढ़कर सुनाया गया। संदेश में भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता और आर्थिक विकास में कोयला कर्मियों के कठिन परिश्रम एवं समर्पण की सराहना की गई।

‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत सफाई कर्मियों का सम्मान

‘स्वच्छता ही सेवा’ और स्पेशल कैम्पेन 6.0 के अंतर्गत SECL मुख्यालय एवं कार्यस्थलों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखने वाले सफाई कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।

इस दौरान कार्यस्थलों पर ई-वेस्ट प्रबंधन, रिकॉर्ड्स के सुव्यवस्थित रखरखाव, स्क्रैप निस्तारण और स्वच्छता को दैनिक कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने का संकल्प दोहराया गया।

बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद

आयोजन में संचालन समिति, कल्याण बोर्ड, सुरक्षा समिति, श्रमसंघों एवं विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि, विभागाध्यक्ष तथा SECL के विभिन्न operational क्षेत्रों से आए अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article