शंख नदी में जावा उठाने गईं पांच बालिकाएं तेज बहाव में बहीं, तीन की मौत

Advertisement
Advertisement

करम पूजा की तैयारी के दौरान हुआ हादसा, दो बालिकाओं को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला

सुंदरगढ़। जिले के रायबोगा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह शंख नदी में दर्दनाक हादसा हो गया। भादो करम पूजा के लिए जावा उठाने नदी पहुंची पांच बालिकाएं अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गईं। हादसे में तीन बालिकाओं की मौत हो गई, जबकि दो को मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल नदी से बाहर निकाल लिया।

तेज बहाव में बह गईं तीन बालिकाएं

जानकारी के अनुसार, कुछ बालिकाएं करम पूजा के लिए जावा उठाने शंख नदी के घाट पर गई थीं। इसी दौरान पानी के तेज बहाव के कारण पांच बालिकाएं नदी में बहने लगीं। घाट पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दो बालिकाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

वहीं, तीन बालिकाएं नदी के गहरे हिस्से में बह गईं। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर उनकी तलाश शुरू की। कुछ समय बाद तीनों बालिकाओं को नदी से बाहर निकाला गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

ग्रामीणों की मदद से तीनों बालिकाओं को एंबुलेंस के जरिए बिरमित्रापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

एक ही गांव की रहने वाली थीं सभी बालिकाएं

बताया गया है कि हादसे का शिकार हुई सभी बालिकाएं दलकी पंचायत के मुकडांड गांव की रहने वाली थीं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम का माहौल है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।

Advertisement
Share This Article