बिलासपुर कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

जमीन, आवास क्षति, रोजगार, मजदूरी भुगतान और फसल नुकसान से जुड़े आवेदन पहुंचे

बिलासपुर, 16 सितंबर 2026। जिला कार्यालय में बुधवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान नागरिकों ने व्यक्तिगत समस्याओं के साथ-साथ सामुदायिक और राजस्व से जुड़े मामलों को लेकर आवेदन सौंपे। कलेक्टर ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

पैतृक जमीन पर एग्रीटेक नहीं होने की शिकायत

मस्तुरी तहसील के इटवा निवासी रामेश्वर यादव ने बताया कि उनकी पैतृक कृषि भूमि राजस्व रिकॉर्ड में नौ सदस्यों के नाम दर्ज है। उनके नाम से एग्रीटेक की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है, जिसके चलते उन्हें धान बेचने में परेशानी हो रही है। उन्होंने अपने नाम से एग्रीटेक की प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की। कलेक्टर ने तहसीलदार मस्तुरी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बारिश से मकान गिरने पर आर्थिक सहायता की मांग

रतनपुर तहसील के ग्राम सीस निवासी रामभाऊ डिक्सेना ने लगातार बारिश के कारण कच्चा मकान गिरने से हुए नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मकान क्षतिग्रस्त होने से परिवार के सामने रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। कलेक्टर ने आवेदन तहसीलदार रतनपुर को सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग

ग्राम गोड़ाडीह के संतनु कुमार कुर्रे सहित ग्रामीणों ने जिंदल पावर एंड स्टील कंपनी में स्थानीय लोगों को रोजगार दिए जाने का मुद्दा उठाया। ग्रामीणों के अनुसार, स्थानीय रोजगार की मांग को लेकर पहले भी धरना-प्रदर्शन किया गया था और कंपनी की ओर से स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की बात कही गई थी। इसके बावजूद अपेक्षित रोजगार नहीं मिलने की शिकायत करते हुए ग्रामीणों ने मामले में कार्रवाई और स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने आवेदन संबंधित अधिकारी को सौंपकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्माण कार्य की मजदूरी भुगतान में अनियमितता का आरोप

जनपद पंचायत तखतपुर की ग्राम पंचायत देवरीकला के ग्रामीणों ने वर्ष 2025-26 में कराए गए नाली निर्माण कार्य की मजदूरी के भुगतान में अनियमितता की शिकायत की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मजदूरी की राशि सरपंच द्वारा स्वयं तथा परिचित लोगों के नाम पर भुगतान की गई। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सर्वेयर के लंबित भुगतान का मामला भी पहुंचा

कोटा क्षेत्र के भारत सिंह ने सर्वेयर के रूप में किए गए कार्य की करीब 18,730 रुपये की लंबित राशि का भुगतान कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि भुगतान से संबंधित आवश्यक दस्तावेज तहसील कार्यालय में जमा किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक राशि का भुगतान नहीं हुआ है। कलेक्टर ने आवेदन संबंधित अधिकारी को सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

खेतों में फ्लाई ऐश भरने से फसल और जमीन खराब होने की शिकायत

मस्तुरी क्षेत्र के सतीश पाल सहित किसानों ने ग्राम पंचायत जयरामनगर-खैरा बस्ती क्षेत्र में चूना पत्थर की खदान में डाली गई फ्लाई ऐश के कारण कृषि भूमि को नुकसान पहुंचने की शिकायत की। किसानों का कहना है कि फ्लाई ऐश का उचित रखरखाव नहीं होने के कारण जुलाई और अगस्त में हुई भारी बारिश के दौरान राखड़ बहकर खेतों में पहुंच गई।

किसानों के अनुसार, इससे धान की फसल वाली करीब सात से आठ एकड़ कृषि भूमि प्रभावित हुई है। उन्होंने नुकसान की भरपाई के लिए उचित क्षतिपूर्ति दिलाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

विवाह और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की मांग

सकरी तहसील के ग्राम समडील निवासी कुंजबिहारी अनंत ने अपनी पुत्री अंजना कुमारी के विवाह प्रमाण पत्र और माता पूना बाई अनंत के मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्या रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम समडील के सचिव द्वारा पिछले छह-सात महीनों से प्रमाण पत्र जारी करने के मामले में टालमटोल की जा रही है। उन्होंने दोनों प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की मांग की। कलेक्टर ने जनपद पंचायत तखतपुर के सीईओ को मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Advertisement
Share This Article