जिला शिक्षा अधिकारी ने अधिकारियों को दिए निर्देश, असाक्षरों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने पर जोर
पेण्ड्रा, 15 सितंबर 2026। उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत आगामी 27 सितंबर को आयोजित होने वाले महा परीक्षा अभियान की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) पेण्ड्रा में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा अभियान को सफल बनाने के लिए विभागीय स्तर पर की जा रही तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
सभी असाक्षरों को परीक्षा में शामिल कराने के निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, बीआरसी, नोडल अधिकारियों और संकुल शैक्षिक समन्वयकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महापरीक्षा के दिन चिन्हित सभी असाक्षरों को संबंधित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग परीक्षा में शामिल हो सकें और जिले को पूर्ण साक्षर बनाने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।
परीक्षा केंद्र और परीक्षा सामग्री की व्यवस्था पर चर्चा
बैठक के दौरान महा परीक्षा अभियान के संचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। इसमें परीक्षा केंद्रों की आवश्यक व्यवस्था, असाक्षरों की पहचान एवं सूची तैयार करना, प्रेरकों की भूमिका, परीक्षा सामग्री का वितरण और लोगों को परीक्षा के प्रति जागरूक करने जैसे विषय शामिल रहे।
अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने तथा अभियान के लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
तीनों विकासखंड के अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में जिले के तीनों विकासखंडों के शिक्षा अधिकारी, सभी बीआरसी, उल्लास कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी मुकेश कोरी, संजय गुप्ता, आलोक शुक्ला, राकेश चौधरी और संजय टांडिया सहित जिले के सभी संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे।
पूर्ण साक्षरता के लक्ष्य को लेकर विभाग सक्रिय
बैठक में जिला स्तर के अधिकारियों ने कहा कि उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से जिले को पूर्ण साक्षर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रेरकों और संबंधित सभी लोगों को सामूहिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की आवश्यकता है। महापरीक्षा अभियान को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण चरण के रूप में देखा जा रहा है।




