त्योहारों से पहले बिलासपुर पुलिस की सख्ती, थानों में कराई गई गुंडा-बदमाशों की परेड

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

निगरानीशुदा और आदतन अपराधियों की गतिविधियों की ली गई जानकारी, उपद्रव करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

बिलासपुर। गणेशोत्सव, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बिलासपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले के विभिन्न थानों में निगरानीशुदा बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों को बुलाकर उनकी परेड कराई गई।

मौजूदा गतिविधियों और ठिकानों की ली जानकारी

पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सक्रिय निगरानीशुदा व्यक्तियों की वर्तमान गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई। इस दौरान उनकी आजीविका, रहने और आने-जाने वाले स्थानों समेत अन्य जरूरी जानकारियों का भी संकलन किया गया।

पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान ऐसे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखना और किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

झगड़ा और उपद्रव से दूर रहने की हिदायत

परेड के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी निगरानीशुदा बदमाशों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे त्योहारों के दौरान किसी भी तरह के विवाद, मारपीट या उपद्रव में शामिल न हों। उन्हें अपने परिवार के साथ शांतिपूर्वक त्योहार मनाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की समझाइश दी गई।

आदतन उपद्रवियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तैयारी

पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय और आदतन उपद्रव करने वाले लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध इस्तगाशा पेश कर उन्हें मुचलके पर पाबंद यानी बाउंड ओवर कराने की कार्रवाई की जा रही है।

त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की नजर

बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आम नागरिक बिना किसी भय के त्योहार मना सकें, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था और असामाजिक तत्वों की निगरानी लगातार जारी रहेगी।

Advertisement
Share This Article