अभिषेक कुमार पाण्डेय
स्टेट हेड रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
सोसायटी के पास विवाद के बाद सीने पर किए कई वार, पुलिस ने हथियार भी किया बरामद
बिलासपुर/सकरी। सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी गांव में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 14 सितंबर की शाम नशे की हालत में पहुंचे एक युवक ने गांव के ही युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में सकरी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सोसायटी के पास शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। मृतक आकाश सूर्यवंशी गांव की सोसायटी के पास अन्य ग्रामीणों और दोस्तों के साथ मौजूद था। इसी दौरान गांव का 23 वर्षीय अमन सूर्यवंशी वहां पहुंचा। बताया गया कि दोनों के बीच गाली-गलौज और झूमाझटकी के बाद विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान अमन ने अपने पास रखे धारदार हथियार से आकाश के सीने पर कई वार कर दिए। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
सिम्स पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल आकाश को डायल-112 के जरिए उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
भाई की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज
मृतक के भाई अमरनाथ सूर्यवंशी की शिकायत के आधार पर सकरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 849/2026 दर्ज किया। पुलिस ने मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का अपराध कायम कर जांच शुरू की।
आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सकरी पुलिस की टीम ने संबलपुरी गांव में दबिश देकर आरोपी अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।




