24 घंटे में सुलझी हत्या की गुत्थी: कापू में टांगी से ग्रामीण की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

आपसी कहासुनी के बाद वारदात को दिया अंजाम; आरोपी के मेमोरेंडम पर छाताघुरा जंगल से हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद

रायगढ़। थाना कापू क्षेत्र के ग्राम पखनाकोट में ग्रामीण चैतराम यादव उर्फ महेश यादव की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आपसी कहासुनी एवं आरोपी के इलाज कराने की बात को लेकर हुए विवाद के दौरान चैतराम यादव पर टांगी से वार किया गया था। आरोपी के बताए स्थान से पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है।

पखनाकोट में हुई थी ग्रामीण की हत्या

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को थाना कापू पुलिस को ग्राम पखनाकोट निवासी चैतराम यादव उर्फ महेश यादव, उम्र 50 वर्ष, की टांगी से वार कर हत्या किए जाने की सूचना मिली। सूचना पर एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के निर्देश पर कापू पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की पुलिस टीम के साथ तत्काल ग्राम पखनाकोट पहुंचे।

आरोपी के घर की परछी में मिला था शव

मौके पर मृतक के भतीजे वासुदेव यादव, उम्र 47 वर्ष, ने पुलिस को जानकारी दी। मृतक की पत्नी के अनुसार, 13-14 सितंबर की दरम्यानी रात गांव का ही नैहर साय मांझी, उम्र 45 वर्ष, उनके घर आया था। किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान चैतराम यादव उर्फ महेश यादव पर टांगी से हमला किया गया। मृतक का शव आरोपी के घर की परछी में जमीन पर पड़ा मिला।

मर्ग कायम कर हत्या का अपराध दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए कापू पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार पता तलाश के बाद आरोपी को गांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 13-14 सितंबर की दरम्यानी रात उसके स्वयं के इलाज कराने तथा आपसी कहासुनी को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने चैतराम यादव पर टांगी से वार किया था।

छाताघुरा जंगल से टांगी बरामद

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद उसने हत्या में प्रयुक्त टांगी को छाताघुरा जंगल में पत्थर के नीचे छिपा दिया था। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस छाताघुरा जंगल पहुंची, जहां से हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर जप्त की गई।

आरोपी नैहर साय मांझी, उम्र 45 वर्ष, पिता स्व. गोपाल मांझी को थाना कापू में दर्ज हत्या के अपराध में गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

24 घंटे में आरोपी तक पहुंची पुलिस टीम

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में कापू पुलिस ने मामले की त्वरित जांच करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी तक पहुंचकर हत्या की गुत्थी सुलझाई।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की, प्रधान आरक्षक लक्ष्मी कैवर्त, सोमेश गोस्वामी, आरक्षक संजीव पटेल, कन्हैया लाल भगत एवं विभूति सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement
Share This Article