रामभांठा के पुराने बस डिपो के पास खाली प्लॉट में मिला 16 वर्षीय किशोर का शव, पुलिस जांच में जुटी

Advertisement
Advertisement

बीती रात चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था धनुर्जय; सिर पर चोट के निशान, कुछ संदिग्ध हिरासत में लेकर पूछताछ जारी

रायगढ़। शहर के रामभांठा क्षेत्र में मंगलवार सुबह 16 वर्षीय किशोर का शव पुराने बस डिपो के पास एक खाली प्लॉट में मिलने से पुलिस जांच में जुट गई है। किशोर बीती रात घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शव मिलने की सूचना पर कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

पुराने बस डिपो के पास मिला शव

15 सितंबर की सुबह कोतवाली पुलिस को कोसाबाड़ी के सामने पुराने बस डिपो, रामभांठा स्थित संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी, कोतवाली पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।

परिजनों ने धनुर्जय के रूप में की पहचान

मौके पर पहुंचे शिवलाल चौहान पिता बालकराम चौहान, उम्र 49 वर्ष, निवासी रामभांठा, मूल निवासी नवीन भटगांव, थाना लैलूंगा ने शव की पहचान अपने पुत्र धनुर्जय चौहान उर्फ गणेश, उम्र 16 वर्ष, के रूप में की।

रात 9 बजे घर से निकला था किशोर

परिजनों के अनुसार, धनुर्जय चौहान बीती रात करीब 9 बजे चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं आया। सुबह पुराने बस डिपो के पास खाली प्लॉट में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान धनुर्जय के रूप में की।

सिर पर चोट के निशान मिले

प्रारंभिक तौर पर शव के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना की वास्तविक वजह और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

मर्ग कायम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कुछ संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ एवं जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों, घटनाक्रम और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगी।

Advertisement
Share This Article