अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
निर्माण की गुणवत्ता, समयबद्धता और यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
रायपुर, 14 सितंबर 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने सोमवार को रायपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे मेजर स्टेशन रिडेवलपमेंट एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और निर्माण कार्यों से जुड़े अधिकारियों से निर्धारित समय-सीमा तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली।


ले-आउट प्लान और निर्माण कार्यों की प्रगति देखी
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन पुनर्विकास से संबंधित ले-आउट प्लान का अवलोकन किया और मौके पर चल रहे कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परियोजना के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता के साथ-साथ कार्यों की गति और समयबद्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
यात्री सुविधा और संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुनर्विकास कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा और संरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। निर्माण गतिविधियों के कारण यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया गया।
प्लेटफॉर्म और फुट ओवर ब्रिज का भी निरीक्षण
श्री तरुण प्रकाश ने रायपुर स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज और अन्य प्रमुख यात्री क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन की स्वच्छता, यात्रियों के आवागमन और उपलब्ध यात्री सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
महाप्रबंधक ने यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाओं में लगातार सुधार करने के निर्देश दिए।
मुख्य प्रवेश द्वार से गुढ़ियारी छोर तक कार्यों का अवलोकन
निरीक्षण के दौरान स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार गेट नंबर-02 पर निर्माणाधीन कार्य और वहां की गई घेराबंदी की व्यवस्था भी देखी गई। इसके अलावा स्टेशन के गुढ़ियारी छोर पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का भी निरीक्षण किया गया।
महाप्रबंधक ने निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की गति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा रायपुर स्टेशन
रायपुर स्टेशन का पुनर्विकास यात्रियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना है। कार्य पूरा होने के बाद स्टेशन पर बेहतर आवागमन व्यवस्था, सुविधाजनक प्रवेश एवं निकास तथा यात्रियों के लिए अधिक सुव्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
महाप्रबंधक ने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और पुनर्विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं संरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में समीक्षा बैठक
निरीक्षण के बाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रायपुर के सभागार में महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने रायपुर मंडल के रेल परिचालन और विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में अधोसंरचना से जुड़े कार्यों के दौरान रेल परिचालन को निर्बाध और सुचारू बनाए रखने सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को परिचालन व्यवस्था को प्रभावित किए बिना विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक समन्वय और कार्ययोजना पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक, रायपुर श्री दयानंद, मुख्यालय बिलासपुर के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (आरएसपी), प्रधान मुख्य इंजीनियर, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गतिशक्ति), रायपुर सहित मुख्यालय एवं मंडल के विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी और पर्यवेक्षक मौजूद रहे।




