कोरबा में मेधावी छात्रों के लिए शुरू हुई ‘DISHA’ आवासीय कोचिंग योजना

Advertisement
Advertisement

NEET और JEE की तैयारी के लिए मिलेगी निःशुल्क कोचिंग, आवास और भोजन की सुविधा

कोरबा। जिला प्रशासन कोरबा ने जिला खनिज संस्थान न्यास (DMFT) के अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों के लिए ‘DISHA’ (DMFT Korba Initiative for Students’ Higher Education Achievement) योजना की शुरुआत की है। योजना के तहत जिले के पात्र विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं NEET और JEE की तैयारी के लिए निःशुल्क आवासीय कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।

इस पहल का उद्देश्य आर्थिक कारणों से बेहतर कोचिंग से वंचित रहने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग क्षेत्र की उच्च स्तरीय प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।

11वीं और ड्रॉपर विद्यार्थियों को मिलेगा अवसर

DISHA योजना के तहत कक्षा 11वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के साथ-साथ 12वीं उत्तीर्ण कर NEET या JEE की तैयारी के लिए ड्रॉप लेने वाले विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया है। चयनित विद्यार्थियों के लिए आवास और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था निःशुल्क रहेगी।

योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को अनुभवी एवं योग्य शिक्षकों से पढ़ाई के साथ अध्ययन सामग्री, नोट्स और नियमित टेस्ट सीरीज की सुविधा भी दी जाएगी।

डिजिटल लर्निंग और व्यक्तिगत काउंसलिंग की सुविधा

कोचिंग कार्यक्रम में केवल कक्षा आधारित पढ़ाई तक सीमित न रहते हुए विद्यार्थियों को Wi-Fi, डिजिटल लर्निंग सपोर्ट, मॉक टेस्ट, नियमित मूल्यांकन और व्यक्तिगत काउंसलिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप लगातार अभ्यास और मार्गदर्शन प्रदान करना है।

75 प्रतिशत अंक वाले विद्यार्थी पात्र

योजना के लिए कक्षा 11वीं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए 10वीं कक्षा में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं ड्रॉपर बैच के लिए 12वीं कक्षा में कम से कम 75 प्रतिशत अंक प्राप्त करना आवश्यक है।

इसके अलावा आवेदक का पात्र कोरबा जिले का निवासी होना अनिवार्य होगा। विद्यार्थियों का चयन पिछली कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाने वाली मेरिट सूची के माध्यम से किया जाएगा।

10 सितंबर तक आवेदन का मौका

DISHA योजना के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। योजना के तहत कक्षाएं अक्टूबर 2026 से शुरू होने की संभावित है।

इच्छुक और पात्र विद्यार्थी दिए गए QR कोड को स्कैन कर NEET अथवा JEE कोचिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन एवं योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी अपने विद्यालय के प्राचार्य, संबंधित ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) अथवा जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), कोरबा कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना होगा मजबूत

जिला प्रशासन की यह पहल कोरबा जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक शैक्षणिक सहयोग देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। निःशुल्क आवासीय कोचिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को NEET और JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के लिए व्यवस्थित तैयारी का अवसर मिलेगा।

Advertisement
Share This Article