बिलासपुर की 486 ग्राम पंचायतों में चावल महोत्सव के साथ मनाया गया रोजगार एवं आवास दिवस

Advertisement
Advertisement

योजनाओं की जानकारी से लेकर अधूरे आवास और मनरेगा कार्यों को पूरा करने तक बनी कार्ययोजना, ग्रामीण विकास को लेकर पंचायत स्तर पर हुई अहम चर्चा

बिलासपुर, 7 सितंबर 2026। जिले की सभी 486 ग्राम पंचायतों में सोमवार को चावल महोत्सव के साथ रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित कार्यों को समयसीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।

QR Code से ग्रामीणों को दी गई योजनाओं की जानकारी

आयोजन के दौरान ग्राम पंचायतों में वीबी-जी राम जी और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत संचालित कार्यों की जानकारी QR Code के माध्यम से साझा की गई। योजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ चर्चा भी की गई। अधिकारियों ने योजनाओं में पारदर्शिता और आम नागरिकों तक जानकारी पहुंचाने को प्राथमिकता देने की बात कही।

अधूरे आवास जल्द पूरे करने पर जोर

आवास दिवस के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित अन्य आवास योजनाओं के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया। हितग्राहियों को नियमानुसार हस्तांतरित राशि की जानकारी देने और आवास निर्माण से जुड़ी उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने के निर्देश दिए गए।

आजीविका और जल संरक्षण पर भी फोकस

कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों की दीदियों को सामग्री आपूर्ति और विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित करने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही रेन वाटर हार्वेस्टिंग में हितग्राहियों की भागीदारी सुनिश्चित करने और लंबित जियो-टैगिंग कार्यों को जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया गया।

मनरेगा और नए कार्यों को समय पर पूरा करने की तैयारी

रोजगार दिवस के दौरान मनरेगा के सभी प्रगतिरत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर चर्चा हुई। मांग के आधार पर वीबी-जी राम जी के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत में नए कार्य शुरू करने और उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने की कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया गया।

दिसंबर 2026 तक प्राथमिकता वाले कार्य पूरे करने का लक्ष्य

ग्राम सभा के प्रस्ताव के अनुसार सेचुरेशन बेसिस पर प्राथमिकता वाले कार्यों को स्वीकृत कर दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने की कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए पंचायत स्तर पर कार्यों की निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन को महत्वपूर्ण बताया गया।

‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ अभियान पर चर्चा

कार्यक्रम में ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ अभियान के तहत सभी शासकीय विद्यालयों में मांग के आधार पर बालिका शौचालय निर्माण की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा निर्मित आजीविका डबरी और नवा तरिया के हितग्राहियों के साथ-साथ सीएलएफ के लिए आजीविका संवर्धन की कार्ययोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श हुआ।

कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष निगरानी

वीबी-जी राम जी के अंतर्गत संचालित कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता, पारदर्शिता और निर्धारित मापदंडों के पालन को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। ग्राम पंचायतों में स्वीकृत विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में जनभागीदारी और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)


Advertisement
Share This Article