रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
3800 अंकों के साथ बिलासपुर ने जीता खिताब, 845 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
बिलासपुर, 6 सितंबर 2026। बिलासपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का चार दिवसीय आयोजन उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुआ। संजय तरण पुष्कर एवं छत्तीसगढ़ स्कूल खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 845 खिलाड़ियों और 150 से अधिक ऑफिशियल्स ने हिस्सा लिया।

बेसबॉल, तैराकी और वाटर पोलो सहित विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में 3800 अंक अर्जित कर बिलासपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’—उप मुख्यमंत्री अरुण साव
समापन समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत इन प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें उचित प्रशिक्षण देने और बेहतर मंच उपलब्ध कराने की है।

उन्होंने कहा कि खेल मैदान में मेहनत और निरंतर अभ्यास करने वाला खिलाड़ी ही आगे बढ़ता है। “जो खेलेगा, वही खिलेगा” का संदेश देते हुए उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और समर्पण के साथ खेल जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
खेलों के लिए बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के रूप में 1 करोड़ 74 लाख रुपये की राशि वितरित की गई है।
उन्होंने बताया कि ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना’ के तहत चालू वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है। इसके माध्यम से खेल अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ स्पोर्ट्स साइंस को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
अक्टूबर में होगी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग
श्री साव ने कहा कि राज्य में खेल गतिविधियों को व्यापक स्तर पर बढ़ावा दिया जा रहा है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ को ‘खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स’ की मेजबानी का अवसर भी मिला है।

शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी: अमर अग्रवाल
समापन समारोह को संबोधित करते हुए बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल भी बेहद जरूरी हैं। खेल से शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास का विकास होता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की खेल संबंधी नीतियों के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ सहित देश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से उज्ज्वल होता है युवाओं का भविष्य: धरमलाल कौशिक
बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि खेल मैदान में होने वाली स्वस्थ प्रतिस्पर्धा युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की भावना पैदा करती है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास करते हुए प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार से किया सम्मानित
समापन अवसर पर अतिथियों ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान देवकीनंदन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में रंग भर दिया।
जनप्रतिनिधि, अधिकारी और खेलप्रेमी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मस्तुरी विधायक श्री दिलीप लहरिया, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष श्री राजा पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री शिव कुमार बनर्जी, संयुक्त संचालक शिक्षा श्री अश्वनी कुमार भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती वर्षा शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।


